
जमशेदपुर : वर्ष 2020 में कोरोना महामारी की कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय रेड क्रास सोसाईटी की पूरी सिंहभूम शाखा ने मानवता की सेवा की गतिविधियों को बखूबी अंजाम दिया। 2020 में 65 रक्तदान शिविरों में 5965 यूनिट रक्तदान, 22 निशुल्क नेत्र शिविरों में 740 मोतियाबिन्द रोगियों का ऑपरेशन एवं लैंस प्रत्यारोपण 12, स्वास्थ्य शिविर, 16 प्राथमिक चिकित्सा शिविर, 10 सेफ्टी फर्स्ट एड सह डिजास्टर मैनेजमेन्ट ट्रेनिंग, वैक्सीनेशन सेन्टर का संचालन, नियमित एम्बुलेंस सेवा, गरीब मरीजों की सहायता जैसी गतिविधियां संचालित करने के साथ-साथ कोरोना संक्रमण के दौरान 26 मार्च से 25 जून 2020 तक रेड क्रास कार्यकर्ताओं ने युद्ध स्तर पर अपनी सेवायें प्रदान किया। तीन महीने तक रेड क्रास भवन वार रूम बना रहा जहां एक सौ से अधिक रेड क्रास कार्यकर्ता तथा 50 से अधिक पूर्व सैनिक 24 घंटे रिलीफ के काम में लगे रहे। इन कार्यकर्ताओं ने एक लाख से अधिक घरों तक, 1 सप्ताह, 15 दिन तथा एक महीने का कच्चा राशन पैकेट घर-घर पहुंचाया गया ताकि कोई भी भूखा न रहे। प्रतिदिन 40 से 45 हजार लोगों को दोपहर के भोजन के रूप में खिचड़ी वितरित किया, जिसमें टाटा स्टील का काफी सहयोग रहा। (नीचे भी पढ़ें)

रेड क्रास की देख रेख में एहसिन फाउण्डेशन ने मानगो के होटल महल इन में पैट्र्न आशिफ महमूद तथा मो. नजम अंसारी के नेतृत्व में रिलीफ सेन्टर, जोजोबेड़ा में नुवोको विस्तारा के सहयोग से रिलीफ सेन्टर, बागबेड़ा में राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान में रिलीफ सेन्टर, बहरागोड़ा रेड क्रास का रिलीफ सेन्टर सक्रिय रहा। इसके साथ ही जिला प्रशासन तथा आपूर्ति विभाग के सहयोग से कन्टेनमेन्ट घोषित क्षेत्रों के घरों में भी एक-एक महीने का राशन पहुंचाया गया। कोरोना संकट के दौरान रेड क्रास भवन में युद्ध स्तर पर 200 एम एल की दो लाख से अधिक सेनेटाईजर की बोतलें तैयार कर निशुल्क वितरित किया गया। एक लाख कॉटन मास्क तथा 50 हजार सर्जिकल मास्क, एक सौ कोरोना से पीपीई किट, 30 थर्मल स्कैनर जिला तथा पुलिस प्रशासन को प्रदान किया गया। हैण्ड वाश जागरुकता हेतु 15 हजार साबुन वितरित किया गया। कोरोना टेस्टिंग मशीन खरीद हेतु एम.जी.एम. मेडिकल कॉलेज को 22 लाख रु. डोनेशन के रूप में दिया गया। कोरोना मरीजों की जीवन रक्षा हेतु 450 युनिट प्लाज्मा डोनेशन करवाया गया। जिले के गरीबों के बीच दो हजार से अधिक कम्बल नुवोको विस्तारा के सहयोग से प्राप्त कर जिला प्रशासन तथा नेत्र शिविरों को उपलब्ध करवाया गया।

















