राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के डीवीसी के समीप सोमवार सुबह तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया. राजनगर स्थित डीवीसी कार्यालय के पास ट्रक और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों वाहन चालकों को चोटें आई हैं. हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि ट्रेलर सड़क किनारे पलट गया. जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5 बजे चाईबासा की ओर जा रहे एक ट्रक की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से सीधी टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाला गया. बाद में पुलिस की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं ट्रेलर चालक को भी चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गयी थी लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची. घायल चालक दर्द से कराहता रहा जिसके बाद पुलिस वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया गया. प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है.







