
सरायकेला : सरायकेला जिले के गम्हरिया स्थित शहनाई भवन में आजसू पार्टी द्वारा जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. जिसमें झरखण्ड सरकार के खिलाफ 29 दिसम्बर को जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन की रणनीति पर चर्चा की गई. आजसू पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पूरे राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार की वादा खिलाफी को लेकर 29 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में जन आंदोलन करने का निर्णय लिया है. वहीं राज्य के पूर्व मंत्री सह आजसू नेता रामचंद्र सहिस ने सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित शहनाई भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में धरना प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति बनाई. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने चुनाव के पूर्व जो जनता से वायदे किए थे उसे एक वर्ष के बाद भी धरातल पर नही उतर सके. उन्होंने बताया कि आजसू हेमंत सोरेन द्वारा चुनाव के पूर्व किए गए वायदों को याद कराने का काम करेगी. बताया जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस करेंगे.












