
सरायकेला : ब्रिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार को कंपनी के जमीन दाता स्थायी नियोजन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं. रैयतो ने साफ कर दिया है कि जब तक उनका स्थाई नियोजन नहीं किया जाता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. बता दें कि बीरबांस गांव के रैयतों ने इंफिनिटी इंडस्ट्रियल पार्क प्राइवेट लिमिटेड के साथ नौकरी का इकरारनामा करते हुए करीब 50 एकड़ जमीन दिया था जिसमें लगभग 20 एकड़ जमीन में तीन कंपनियां स्थापित हुई है. दो कंपनियों द्वारा जमीन दाताओं से वादाखिलाफी किया गया और जमीन दाताओं को अब तक नौकरी नहीं दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

उनमें एक कंपनी ब्रिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड है और दूसरा श्री उन्नत प्राइवेट लिमिटेड कंपनी शामिल है. जमीन दाताओं ने बताया कि जनप्रतिनिधि से लेकर जिला प्रशासन तक फरियाद लगा चुके हैं, मगर हर बार उन्हें धोखा दिया जा रहा है अब बर्दाश्त से बाहर हो चुका है. झारखंड सरकार द्वारा 75 फ़ीसदी स्थानीय को रोजगार देने की घोषणा को भी कंपनी ठेंगा दिखा रही है. उधर सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारी रैयतों को समझाने में जुटे हुए हैं.




