सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के इचागढ़ थाना अंतर्गत नदीसाई पंचायत के नागासोरेन- कुटाम सड़क के बीच आमनदीरी गांव के पास एक सुनसान जगह चड़का पाथर के समीप क्षत विक्षत अवस्था में एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही इचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं घटनास्थल से कुछ ही दूरी से पुलिस ने एक सफेद रंग का बोलेरो भी बरामद किया है. जिसमें से पुलिस ने डंडे और पत्थर बरामद किए हैं. मृतक की पहचान आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नम्बर 19 निवासी रघुनाथ राय उर्फ झमालु के रूप में हुई है. आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करके शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि रघुनाथ राय अपराधीक प्रवृत्ति का व्यक्ति था और पूर्व में जेल भी जा चुका था. जमीन के खरीद- बिक्री में दलाली का काम करता था. उसके दोनों बेटे भी अपराध की दुनिया में कदम रख चुके हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. मालूम हो कि थाना क्षेत्र के नदीसाई पंचायत के नारों नदी घाट के पास से दस दिन पूर्व एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया था जिसका खुलासा अबतक नहीं हो सका है. इसबीच एक और शव मिलने से इलाके में दहशत व्याप्त है. दोनों ही शव हत्या के बाद क्षेत्र में लाकर फेंका गया है. जिससे लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.



