सरायकेला: जिले के सीनी ओपी अंतर्गत सकलाडीह गांव के रहने वाले एक 26 वर्षीय मूक बधिर युवक की सोमवार दोपहर पानी में डूबने से मौत हो गई. वह नहाने के लिए उकरी पुल के समीप सोना नदी गया था. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया है. (नीचे भी पढ़े)
जानकारी देते हुए सीनी ओपी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक सकलाडीह गांव का रहने वाला था. वह मुंडाटांड़ के किसी टेंटहाउस में काम करता था. काम की वजह से मृतक बीस बीस दिनों तक अपने घर नहीं जाता था. सोमवार की दोपहर वह अपनी साइकिल से उकरी पुल के समीप नहाने गया था. नहाने के बाद वह नदी किनारे पत्थर पर खड़े होकर पूजा करने लगा. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा. घटना के समय नदी में नहा रहे कुछ बच्चों ने इसकी सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर शव को पानी से बाहर निकाला.



