
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला से सटे सोनाहातू थाना के पापरीदा गांव में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने 41 वर्षीय चहबर महतो को रौंद दिया. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में जारी हाथियों के आतंक को देखते हुए बीती रात ग्रामीण हाथियों को भगाने के लिए एकजुट हुए थे. इसी बीच चहबर महतो हाथियों की चपेट में आ गए और हाथियों ने उसे बुरी तरह रौंदकर मार दिया. बताया जा रहा है, कि हाथियों के झुंड ने मृतक को 1 घंटे तक घेर कर रखा था. ग्रामीणों के पास हाथियों को भगाने हेतु संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीण बेबस होकर साथी की मौत का तमाशा देखते रहे. घटना की जानकारी मिलते ही सोनाहातू पुलिस और वन विभाग के अधिकारी बुधवार सुबह मृतक के गांव पहुंचे, और आश्रितों को मुआवजा के तौर पर 50 हजार रुपए का आर्थिक मदद दिया. हाथी के हमले से व्यक्ति की मौत के बाद गांव में दहशत है. हाथियों का झुंड पूरे क्षेत्र में उत्पात मचा रहा है जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है. वन विभाग व जिला प्रशासन से ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है. मुआवजा देने के क्रम में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चितरंजन महतो, वनरक्षी दिलीप सिंह मुंडा, एएसआई दलगोविन्द महतो, आजसू नेता राजेन्द्र प्रसाद महतो, अभिराम महतो, शक्ति सिंह मुंडा, जिप सदस्य प्रतिनिधि रमेश मुंडा, मुखिया प्रतिनिधि प्रताप सिंह मुंडा, काशीनाथ सिंह मुंडा, अभिमन्यु महतो, मथुरा महतो, प्रभात कुमार वर्मा, अशोक महतो, संतोष साव, बसंत महतो आदि उपस्थित थे.





