आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया बाजार में रविवार देर रात उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए अवैध महुआ शराब बेचते कुख्यात शराब माफिया बापी दास को रंगे हाथ धर दबोचा. अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई. सूत्रों के मुताबिक, उपायुक्त के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि बापी दास लंबे समय से गम्हरिया बाजार में अवैध शराब का कारोबार कर रहा था. स्थानीय स्तर पर उसकी पकड़ इतनी मज़बूत थी कि कोई भी अधिकारी उसके खिलाफ कार्रवाई करने से हिचक रहा था. (नीचे भी पढ़े)
विभागीय सूत्रों ने बताया कि बापी दास ने अवैध कारोबार से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है. हाल ही में उसने एक आलीशान फ्लैट की रजिस्ट्री भी कराई है. लोगों का कहना है कि अब तक उसे प्रशासन और पुलिस का संरक्षण प्राप्त था, लेकिन उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद पहली बार उस पर शिकंजा कसा गया है. गौरतलब है कि गम्हरिया बाजार नगर निगम के अधीन क्षेत्र है, जहां खुलेआम अवैध शराब की बिक्री होने से निगम की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर किसकी मिलीभगत से यह कारोबार इतने लंबे समय से फल-फूल रहा था, यह अब जांच का विषय बन गया है. विभाग ने फिलहाल बापी दास से पूछताछ शुरू कर दी है. उम्मीद की जा रही है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का भी पर्दाफाश होगा.














