
सरायकेला : पूरा विश्व खतरनाक वायरस कोरोना की महामारी को रोकने में जुटा हुआ है. देश के प्रधानमंत्री दो बार राष्ट्र को इस खतरनाक वायरस को रोकने को लेकर संबोधित कर चुके हैं. पूरा देश लॉक डाउन में है. केंद्र सरकार की ओर से थोड़ी बहुत रियायत दी गई है, लेकिन उसके लिए कई अहम दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं, लेकिन लॉक डाउन को अभी भी कुछ लोग गंभीरता से नहीं ले रहे और इस दौरान जरूरी दिशा- निर्देशों का भी पालन नहीं कर रहे हैं.

सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना से सटे बाजार में दुकानदार और खरीदार दोनों ही सोशल डिस्टेंस मेंटेन करने के मामले में विफल नजर आए. सोशल मीडिया से लेकर केंद्र और राज्य सरकार के साथ जिला प्रशासन और स्वयंसेवी संगठन लगातार लोगों को जागरूक कर रही है, लेकिन लोग लॉक डाउन की गंभीरता को या तो समझने का प्रयास नहीं कर रहे, या समझना नहीं चाह रहे.

सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सुबह से ही सफाई में लगे सफाई कर्मियों के प्रति सामाजिक संगठन और स्वयंसेवी समूह भी अब सामने आने लगे हैं. जहां सुबह से ही सफाई कर रहे सफाई कर्मियों के लिए लोग अपने घरों से नींबू पानी शरबत बिस्किट वगैरह लेकर पहुंचे और सफाई कर्मियों की सेवा की. आपको बता दें कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जानलेवा वायरस कोरोना को समाप्त करने की मुहिम में जुटे लोगों के लिए प्रार्थना करने और उनके लिए सहानुभूति बरतने की अपील की है.

इसी के तहत आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में वृहद पैमाने पर सफाई अभियान की शुरुआत की गई है. जिस पर स्थानीय लोग इन सफाई कर्मियों के सहयोग में आगे आ रहे हैं. खतरनाक वायरस कोरोना को रोकने के लिए सरायाकेला जिले का आदित्यपुर नगर निगम अब जाग चुका है. निगम की ओर से सुबह से ही पूरे इलाके को सेनेटराइज करने की कवायद शुरू कर दी गई है. जहां नगर आयुक्त और डिप्टी मेयर सैकड़ों कर्मचारियों के साथ युद्ध स्तर पर इलाके को सैनिटाइज करने में जुटे हुए हैं.








