
सरायकेला : झारखंड कोरोना के संक्रमण से खौफजदा है. जहां विधि व्यवस्था की जिम्मेवारी स्थानीय पुलिस- प्रशासन के हाथों है. बावजूद इसके अगर राज्य के पुलिस- प्रशासन को राज्य के मुख्यमंत्री संभालें तो राज्य का क्या हो इसका अंदाजा आप खुद लगा लें. वैसे हर दिन राज्य के मुख्यमंत्री राज्य के अलग- अलग हिस्सों के मिल रही शिकायतों पर संज्ञान ले रहे हैं. बड़ा सवाल ये हैं कि आखिर ऐसी स्थिति आती क्यों है. क्यों नहीं पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मामले पर कार्रवाई करते हैं. ताजा मामला सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र का है. जहां दो पड़ोसियों के झगड़े का मामला पहले थाना पहुंचा लेकिन थाना द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद पीड़ित पक्ष ने सीधे सीएम हेमंत सोरेन को ट्वीट कर दिया, उसके बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित परिवार के घायलों का मेडिकल जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई.

वैसे दर्ज शिकायत के आधार पर बताया जा रहा है, कि शुक्रवार देर रात आरआईटी थाना अंतर्गत एमआईजी 248 निवासी सुमित कुमार रॉय के पूरे परिवार पर एमआईजी 247 निवासी पप्पु दूबे एवं उनके साथी सुमित राय ने जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें सुमित का पूरा परिवार बुरी तरह से घायल हो गया है. जहां सुमित और उसके पिता के सर में चोटें आई हैं, वहीं सुमित की मां के घुटने में जबकि उसके भाई के ओठ में चोट आने की बात लिखी गई है. वैसे विवाद का कारण साफ नहीं हो सका है, वहीं दर्ज शिकायत में दोनों को शराब के नशे में होने का जिक्र किया गया है. हालांकि इस संबंध मे आरआईटी थाना प्रभारी श्रीनिवास ने पड़ोसियों के बीच मामूली झड़प बताया. वहीं उन्होने पूरे मामले की जांच किए जाने के बाद ही आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.







