
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस को एक कामयाबी हाथ लगी है, पुलिस ने लूट के आधा दर्जन मामले में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी. सरायकेला-खरसावां जिले में तकरीबन आधे दर्जन लूटकांड को अंजाम देकर फरार चल रहे अपराधी बागु महतो को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची के बुंडू से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लूटकांड के मामलों को अंजाम देने के बाद लगातार फरार चल रहा था. मामले का उदभेदन करते हुए सरायकेला के एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि विगत दिनों सरायकेला एसपी द्वार लंबित कांडों के अनुसंधान में इस बात का खुलासा हुआ कि जिले के कई थाना क्षेत्र में लूट के तकरीबन छह कांड लंबित हैं और इन कांडों में शामिल अपराधी फरार हैं. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और इस टीम ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की. इसी कड़ी में 27 जनवरी को पुलिस ने लूटकांड के मास्टरमाइंड कुश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वही इसके सहयोगी और कांड में शामिल बागु महतो उर्फ़ बगम्बर महतो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों ही अपराधियों ने जिले के सरायकेला, गम्हरिया, राजनगर थाना क्षेत्र में 5 से भी अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था.






