
सरायकेला : मंगलवार को झारखंड विधानसभा की आंतरिक संसाधन एवं केन्द्रीय सहायता समिति के सभापति रामचंद्र सिंह एवं सदस्य सोनाराम सिंकू द्वारा परिसदन स्थित सभागार में जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई. समिति के समक्ष जिले के विभिन्न विभाग के पदाधिकारियों द्वारा विभागवार वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया. इस दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई द्वारा समिति को कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर किए जा रहे प्रशासनिक उपायों व उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी दी गई. साथ ही राजस्व संग्रहण में जिले की उपलब्धि से अवगत कराया गया. समिति के सभापति रामचंद्र सिंह द्वारा सिविल सर्जन डॉ हिमांशु भूषण वरवार से जिले में चल रहे वैक्सीनेसन कार्य एवं चिकित्सीय कार्य में कार्यरत कर्मियों की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)
सिविल सर्जन ने बताया, कि कुल 36 सरकारी एवं गैरसरकारी सेंटर पर वैक्सीनेशन कार्य सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 62 हजार 395 लोगो वैक्सीन दिया गया है. जिसमे 8 हजार 327 लोगो को कोविड का दूसरा डोज दिया जा चुका है. सीएस ने बताया, कि पंचायत स्तर पर विशेष टीकाकरण अभियान चलाकर लोगो को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है. जिले में पर्याप्त मात्रा में कोरोना का टीका उपलब्ध है. टीके की कोई कमी नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
सभापति ने पत्रकारो से बातचीत के दौरान कहा, कि झारखंड सरकार राज्य में विकास कार्यों को गति देने को लेकर प्रयासरत है. विकास कार्यों के सफल क्रियान्वयन में सरकार को प्राप्त होने वाले राजस्व की काफी महत्वपूर्ण भूमिका होती है. ऐसे में गत वित्तीय वर्ष में विभिन्न विभागों द्वारा राजस्व संग्रहण में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की समीक्षा समिति द्वारा की जा रही है. सभी विभागों से रिपोर्ट प्राप्त किया गया है, जिसका अध्ययन करते हुए समिति द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव दिए जाएंगे, ताकि राज्य में विकास कार्य की गति में कमी ना आए. इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, संदीप कुमार दोराइबुरु, उमा महतो एवं अन्य सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.






