सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के मुटुदा गांव में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 57 वर्षीय सोयना मुंडा की धारदार हथियार से बेरहमीपूर्वक हत्या कर दी गई. घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार सुबह चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, मृतक सोयना मुंडा अपनी पत्नी और 11 वर्षीय विकलांग बेटी के साथ घर में सो रहे थे. इसी दौरान देर रात किसी ने धारदार हथियार से उनके गर्दन पर वार कर हत्या कर दी. सुबह जब पड़ोसियों ने खिड़की से देखा तो सोयना मुंडा का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था. यह दृश्य देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गई. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना पाकर चौका थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद से मृतक की पत्नी घर से लापता है, जिसके कारण शक की सुई उसी पर घूम रही है. फिलहाल पुलिस फरार पत्नी की तलाश में जुटी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है. मृतक के भाई हगड्डु मुंडा के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. ग्रामीणों में इस वारदात को लेकर दहशत का माहौल है.














