
जमशेदपुरः सरायकेला- खरसांवा जिले के चौका पुलिस की लापरवाही से एक युवक की मौत हो गई. चौका पुलिस द्वारा थाना के बाहर एनएच-33 पर बैरियर लगाया गया था. जिससे टकराकर ईचागढ़ के रुगड़ी गांव का रहने वाला 36 वर्षीय उमाकांत महतो और उमेश महतो गंभीर रुप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया. टीएमएच ले जाने के क्रम में उमाकांत की मौत हो गई. (नीचे भी पढ़े)
घटना गुरुवार देर शाम की है. इधर मृतक के परिजनों ने चौका पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस की लापरवाही से ही उमाकांत की मौत हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मिली जानकारी के अनुसार उमाकांत महतो और उमेश महतो चौका के कुरली जा रहे थे. चौका थाना के पास बैरियर देख उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बैरियर से जा टकराई. एनएच- 33 पर चौका थाना के पास रात को बैरियर रहने के कारण आये दिन बाइक सवार इससे टकराकर घायल हो जा रहे हैं. रात के अंधेरे में बाइक सवारों को बैरियर दिखने में कई बार परेशानी होती है, जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं.



