सरायकेला : सरायकेला के उपायुक्त अरवा राजकमल ने सोमवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में प्रारंभिक शिक्षा समिति के साथ बैठक की. बैठक में उपायुक्त के साथ डीडीसी प्रवीण कुमार गगराई, डीएसई चार्ल्स हेम्ब्रम, सभी विधायक- सांसद प्रतिनिधि एवं शिक्षक संघ के सदस्य उपस्थित रहे. बैठक के दौरान राज्य सरकार द्वारा प्राप्त निर्देशों के आलोक में कक्षा 1 से 5 तक के लिए 865 तथा कक्षा 6 से 8 वर्ग के लिए 1374 शिक्षकों के पद-सृजन पर सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया. इस दौरान बिंदुवार चर्चा करते हुए समिति सदस्यों द्वारा दिये गए सुझाव पर बिंदुवार चर्चा हुई. साथ ही विभिन्न विद्यालयों से संबंधित त्रुटियों पर चर्चा कर उसे दूर करने पर विचार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक के बाद उपायुक्त ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा देने तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को देखते हुए सरकार द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में कक्षा एक से आठ के लिए कुल 2239 नये पद सृजन के लिए समिति सदस्यों की सम्मति से निर्णय लिया गया. उपायुक्त ने कहा कि यदि पूर्व में देखा जाए तो कक्षा 1 से 8 तक के लिए कुल 1452 शिक्षक कार्यरत थे, जो संख्या काफी कम थी. इससे कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी हो रही थी. नये पद सृजन के बाद जिले में कक्षा एक से कक्षा 8 तक के लिए कुल 3691 शिक्षक कार्यरत होंगे. उपायुक्त ने कहा कि नए पद सृजन बच्चों की संख्या तथा आवश्यकता के अनुरूप की गयी है.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि पूर्व में मापदंड से अधिक बच्चों की संख्या पर एक शिक्षक पदस्थापित थे. उपायुक्त ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार व शिक्षा विभाग का काफी सकारात्मक कदम है. उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग का भी धन्यवाद ज्ञान किया. उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्रारंभिक शिक्षा समिति द्वारा लिये गये निर्णय के अनुरूप राज्य सरकार शिक्षक नियुक्त कर उपलब्ध कराएगी. उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है.



