
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र मोदी पार्क के पास शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती से बाइक सवार तीन बदमाशों ने छिनतई का प्रयास किया. छीना-झपटी में युवती आटो से सड़क पर गिर गई और सड़क पर घसीटती चली गई, जिससे वह घायल हो गई. युवती साकची से धतकीडीह जाने के लिए आटो पर सवार हुई थी. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश संभवतः साकची से ही उसका पीछा कर रहे थे. (नीचे देखे पूरी खबर )
युवती ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाश उसके बैग को छीनने में सफल नहीं हो सके. घटना को पास ही मौजूद रीना कुमारी ने देखा और तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद तीनों बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर सिटी पेट्रोलिंग पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. प्रत्यक्षदर्शी रीना कुमारी ने बताया कि घायल युवती धतकीडीह की रहने वाली है. उसे इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल में ले जाया गया है. हालांकि बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने मामले में कुछ बयां नहीं किया.







