सरायकेला : सरायकेला जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को अवैध बालू के खिलाफ अभियान छेड़ना मंहगा पड़ गया है. बालू माफियों की शह पर उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है. इसको लेकर अब जिला परिषद अध्यक्ष ने मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार को जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि विगत दिनों चाण्डिल अनुमंडल क्षेत्र से बालू के हो रहे अवैध परिवहन को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बालू गाड़ी को पकड़ा था, जो बालू माफियों को रास नहीं आया. उनके द्वारा जिला परिषद उपाध्यक्ष के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. इतना ही नहीं, बालू माफियों ने उनके परिवार के लोगों के खिलाफ झूठा मुकदमा भी दर्द करा दिया है. जिला परिषद् अध्यक्ष ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए जिला प्रशासन को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि जन प्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार होता है तो लोकतंत्र के लिए यह सही नहीं है और इससे समाज में गलत संदेश जाएगा. वहीं जिला परिषद् उपाध्यक्ष के परिवार के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने की घटना को भी उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से नहीं लेता है तो तमाम जन प्रतिनिधि आंदोलन को बाध्य होंगे. मालूम हो कि चांडिल अनुमंडल में इन दिनों सरकारी प्रतिबंध के बाद भी खुलेआम बालू का कारोबार चल रहा है, जिसको लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष लगातार आंदोलनरत हैं. उनके द्वारा कई बार बालू कारोबारियों के खिलाफ आवाज बुलंद की गई है, बावजूद इसके जिला प्रशासन मामले को लेकर गंभीर नहीं है. यही कारण है कि अब बालू माफिया और जिला परिषद उपाध्यक्ष आमने-सामने हैं.














