रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में गृह रक्षक नव नामांकन के लिए शारीरिक जांच एवं लिखित परीक्षा के लिए परीक्षा स्थल के रूप में चाईबासा जिला स्कूल मैदान (चाईबासा रेलवे स्टेशन के नजदीक) को निर्धारित किया गया है. वहीं आगामी 20 जुलाई से लेकर 3 अगस्त तक (कुल 15 दिन) प्रातः 6:00 बजे से प्रखंडवार निर्धारित शारीरिक जांच एवं लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. उक्त परीक्षा को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त सह गृह रक्षक नामांकन समिति के अध्यक्ष चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने जिला स्कूल मैदान में प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व अन्य कर्मियों के लिए ब्रीफिंग सेशन का आयोजन किया. (नीचे भी पढ़ें)

जिले में गृह रक्षक नव नामांकन के लिए कुल 18 प्रखंडों में गृह रक्षकों की कुल 1156 रिक्तियों (ग्रामीण गृह रक्षकों की 987 एवं शहरी गृह रक्षकों की 169 रिक्तियों) के विरुद्ध कुल 15399 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें गृह रक्षक शहरी (नॉन टेक्निकल) के लिए 431 एवं गृह रक्षक शहरी (टेक्निकल) के लिए 118 आवेदन भी शामिल हैं. ब्रीफिंग सत्र के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बताया कि आगामी 20 जुलाई से गृह रक्षक नव नामांकन की प्रक्रिया को उच्च तकनीक के माध्यम से मूर्त रूप देना है एवं परीक्षा के लिए निर्धारित एडमिट कार्ड भी जारी हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि 20 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक जारी प्रखंडवार निर्धारित परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री को केंद्र के भीतर लाने की अनुमति नहीं होगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के भीतर, प्रातः 6:00 बजे से अंतिम 11:00 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. परीक्षा केंद्र के भीतर आने पर सर्वप्रथम रजिस्ट्रेशन स्टॉल पर अभ्यर्थियों के कागजात का वेरिफिकेशन होगा. इसके उपरांत निबंधन कराने के बाद उनकी उंगली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी और अभ्यर्थियों को 200-200 की संख्या में बैच तैयार किया जाएगा. समस्त प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ संपादित करने के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को भी आयोजन स्थल के लिए पहचान पत्र निर्गत किए जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)

सत्र को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में आयोजित हो रही गृह रक्षक नव नामांकन परीक्षा को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराना है. अभ्यर्थी अपने साथ संबंधित कागजात/पहचान पत्र के अलावा पानी की बोतल के साथ परीक्षा केंद्र में अंदर आ सकते हैं. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूरी परीक्षा के दौरान प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी अपने कर्तव्य स्थल पर सजग रहेंगे तथा आयोजन को शांति और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने में अपना शत-प्रतिशत योगदान करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
ब्रीफिंग सत्र के उपरांत वरीय पदाधिकारियों की देखरेख में परीक्षा आयोजन से संबंधित समस्त गतिविधियों का ट्रायल रन भी आयोजन किया गया. इस दौरान सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, कर्मी अपने-अपने स्थल पर उपस्थित रहे, जिसमें डमी प्रत्याशियों का रजिस्ट्रेशन वेरिफिकेशन प्रक्रिया के उपरांत चिप टैगिंग, दौड़ टाइमिंग रिकॉर्ड आदि कार्य संपादित किए गए. ब्रीफिंग सेशन के दौरान उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस राणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, सभी अनुमंडलाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता देवेंद्र कुमार, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, जिला गृह रक्षक कमांडेंट, सार्जेंट मेजर सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.














