पलामू : जिला मुख्यालय से लगभग 30 किमी दूर सतबरवा प्रखंड के पोंची पंचायत स्थित पंचायत भवन में बुधवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उपायुक्त डॉ शान्तनु कुमार अग्रहरि, उप विकास आयुक्त बिंदु माधव प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार प्रसाद, डीआरडीए डायरेक्टर स्मिता टोप्पो समेत कई पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम स्थल पर आसपास के गांव के काफी संख्या में लोग उपस्थित थे ।

कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने बताया कि इस कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण चीज होती है कि जिन लोगों को स्वास्थ्य संबंधित सुविधाओं को प्राप्त करना है व स्वास्थ्य वाले काउंटर पर अपनी सेवाओं को प्राप्त कर सकते हैं, जिन्हें आधार नंबर से संबंधित अपडेट कराना है वो आधार नंबर अपडेट करा सकते हैं। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आप सभी को लाभ पहुंचाना है। ग्रामीण परिवेश में लोगों को दाखिल खारिज तथा ऑनलाइन लगान संबंधित समस्याएं रहती हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन लगान की अब तक कुल 9 समस्याओं का निष्पादन किया जा चुका है। इसके अलावा जो भी मामले हैं उसे 2 से 3 दिनों के अंदर निष्पादित कर दिया जाएगा। इसके अलावा दाखिल खारिज संबंधित मामलों को 1 हफ्ते के अंदर निष्पादन करने के लिए अंचलाधिकारी को निदेषित कर दिया गया है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि दुलसुदमा पंचायत में चल रही 90% अनुदान पर दुधारू गायों के वितरण में देरी होने की समस्या पर हमारी नजर है। हम 7 से 10 दिनों के अंदर दुधारू गायों का वितरण सुनिश्चित करेंगे।
तुम्बागड़ा अस्पताल में भी हो सकेगा आयुष्मान भारत के तहत इलाज : उपायुक्त
कार्यक्रम में पहुंचे सतबरवा प्रखंड के अमित कुमार ने उपायुक्त के समक्ष आवेदन दिया कि रांची-पलामू हाईवे पर सतबरवा प्रखंड अंतर्गत स्थित तुंबागड़ा अस्पताल बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपायुक्त से निवेदन किया कि इस अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किया जाए, जिससे लोगों को मुफ्त की चिकित्सा मिल सके। उपायुक्त ने उनके आवेदन के आधार पर सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ कैनेडी को निर्देश दिया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए तुम्बागड़ा अस्पताल को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाया जाए तथा लोगों को मुफ्त चिकित्सा का लाभ दिया जाए। कार्यक्रम में मौजूद उप विकास आयुक्त बिंदु माधव प्रसाद सिंह ने बताया कि आज सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत सतबरवा प्रखंड के पोंची पंचायत में आपके लिए ही पहुंची है। उन्होंने कहा कि सतबरवा प्रखंड का विकास पलामू जिले के लिए काफी महत्वपूर्ण है। सतबरवा प्रखंड रांची तरफ से आने वाले लोगों के लिए पलामू जिला के एक गेट की तरह है। उन्होंने बताया कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में हम आपके सभी समस्याओं के निष्पादन के लिए पहुंचे हैं। आपका अगर किसी तरीके का भुगतान लंबित है तो आप इस कार्यक्रम के माध्यम से हमें बताएं, समस्याएं दूर होंगी। आप सबों से अनुरोध है कि अपने समस्याओं को लेकर संबंधित स्टॉल पहुंचकर अपना आवेदन जमा करें।
आन द स्पाट हुआ मामलों का निष्पादन
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से सम्बन्धित कुल 127 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया। इसी क्रम में बकोरिया ग्राम से आए सुरेंद्र साव का 14 वर्षीय पुत्र अमित कुमार दिव्यांग था, परन्तु उन्हें दिव्यांग पेंशन नही मिल पा रहा था। सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार ने संजीदगी दिखाते हुए मामले को संज्ञान में लिया। 14 वर्षीय दिव्यांग अमित कुमार का ऑन द स्पॉट आधार का पंजीयन कराया गया। और त्वरित करवाई करते हुए उन्हें दिव्यांग पेंशन की स्वीकृति दी गयी। साथ ही उपायुक्त के द्वारा उन्हें पेंशन स्वीकृति पर्चा भी प्रदान कराया गया। सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार ने बताया कि पोंची पंचायत में अब तक वृद्धा पेंशन में कुल 464 पेंशन स्वीकृत की गई है, वहीं 73 विधवाओं को पेंशन दिया जा रहा है तथा अब तक 20 दिव्यंगों को पेंशन से अच्छादित किया गया है।
सबसे ज्यादा भीड़ चिकित्सा कथा आधार पंजीयन काउंटर पर लगी रही
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में दिनभर भीड़ लगी रही। कार्यक्रम में सभी विभागों के स्टाल लगाए गए थे। जिसमे सबसे ज्यादा भीड़ चिकित्सा तथा आधार पंजीयन के स्टॉल पर दिखी। चिकित्सा स्टॉल पर सभी तरह की दवाइयों तथा जांच की सुविधा उपलब्ध थी। लोग विभिन्न शारीरिक शिकायत ले कर आ रहे थे। किसी को बुखार की शिकायत थी, तो कोई सर दर्द से परेशान था। लोगों को उचित दवाई देकर उनके समस्याओं का निपटारा किया जा रहा था। जहां चिकित्सा स्टाल में कुल 165 लोग पहुंचे, वहीं आधार पंजीयन तथा सुधार स्टाल पर 55 लोग पहुंचे। आधार पंजीयन के काउंटर पर लोगों की कतार दिन भर लगी रही। लोग अपने आधार से संबंधित त्रुटि को ऑन स्पॉट सुधरवा रहे थे। कई लोगों ने अपने नए आधार कार्ड के किये पंजीयन भी कराया।







