
हुसैनाबाद : हुसैनाबाद अनुमण्डल की चर्चित मुरली पहाड़ी की गुफा व मन्दिर के अस्तित्व को बचाने के लिए ऐतिहासिक मुरली पहाड़ बचाओ संघर्ष मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया कि पहाड़ी के दोनों ओर रेड लाइन खींची हुई है, जिसमें पहाड़ी की गुफा व उसमे जाने वाले वाहन का रास्ता सहित अन्य जंगली एवम पहाड़ी क्षेत्रों को समतल कर उस पर केंद्रीय विद्यालय का भवन का निर्माण किया जाएगा। विदित हो कि पहाड़ी पर गुफा लोगों के लिए एक दर्शनीय स्थल है, तो दूसरी ओर महाकालेश्वर मंदिर आस्था का केंद्र है। पहाड़ी के समीप प्रत्येक वर्ष शिवरात्रि के अवसर पर भव्य मेला का भी आयोजन किया जाता है और हजारों महिला-पुरुष आगंतुक आते हैं। इधर मुरली पहाड़ बचाओ संगर्ष मोर्चा के जाकिर अली उर्फ राज अली ने कहा कि सरकार एक ओर वन व पहाड़ को संरक्षित करने की योजना चला रही है, तो वही दूसरी ओर आस्था एवम दर्शनीय स्थल के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा है, जिसे कभी बर्दास्त नहीं किया जायेगा. आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन होगा। रामचंद्र चौधरी ने कहा कि विद्यालय के भवन निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, बशर्ते मन्दिर की भूमि व गुफा के अस्तित्व को मिटाने का प्रयास न किया जाये. अन्यथा हम सभी सड़क पर उतरने को विवश हो जाएंगे। मानद अध्यक्ष परमानंद चौधरी ने कहा कि जिस प्रकार मोहम्मदगंज में भीम चूल्हा, हैदरनगर में देवी धाम है, उसी प्रकार हुसैनाबाद में मुरली पहाड़ी जन मानस की आस्था का केंद्र है। इस स्थल के साथ छेड़छाड़ न करके बल्कि इसे सजाने एवम संवारने की जरूरत है। अजय प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह पहाड़ी वन एवम् पहाड़ क्षेत्र के अधीन आती है। इस दौरान मंदिर के पुजारी त्यागी विनय कुमार सिंह, शिवपूजन चौधरी, विनय सिंह, इम्तेयाज आलम, सीपतन मिर्ज़ा, अजित ठाकुर, अखिलेश पासवान, विकास कुमार, दीपनारायण कुमार, अवधेश चौधरी, अशोक चौधरी, हेमन्त ठाकुर, सन्तोष पटेल समेत अन्य लोग उपस्थित थे।







