
जमशेदपुर / घाटशिला : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने रविवार को पार्टी के छह जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी. घोषणा के मुताबिक सौरभ चक्रवर्ती को भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है. मुसाबनी निवासी श्री चक्रवर्ती का लंबे समय से पार्टी से जुड़ाव रहा है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के मुताबिक श्री चक्रवर्ती के अलावा अशोक यादव को हजारीबाग, प्रवीण मेहता को रामगढ़, चंद्रशेखर सिंह को धनबाद., ज्ञान रंजन को धनबाद (ग्रामीण), तथा रामदरश यादव को साहेबगंज का जिलाध्यक्ष बनाया गया है.
पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती ने मुसाबनी निवासी सब्जी विक्रेता पूर्ण चन्द्र चक्रवर्ती के पुत्र हैं. जब ‘शार्प भारत डॉट कॉम’ के प्रतिनिधि ने उनसे दूरभाष पर बात की तो उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जिस भरोसे और उम्मीद के साथ भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष का पद सौंपा है, वे प्रयास करेंगे कि संगठन के भरोसे पर खरा उतरें. उन्होंने कहा कि वह ईमानदारी पूर्वक संगठन के विस्तार और क्षेत्र में पार्टी को मजबूत बनाने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा सही मायने में कार्यकर्ता को सम्मान देना जानती है. पार्टी ने एख चाय वाले को पीएम बनाया, तो अब अब संगठन ने सब्जी बिक्रेता के पुत्र को ग्रामीण जिलाध्यक्ष का पद देकर यह साबित कर दिया कि पार्टी में कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाता है. सौरभ चक्रवर्ती बीएससी पास हैं. वह विगत 11 वर्षों से पार्टी से जुड़कर लगातार संगठन का काम करते आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह शुरुआती दौर में भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री बने, उसके पश्चात प्रखंड के अध्यक्ष बने, किसान मोर्चा के कार्यकारी सदस्य और ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष थे और अब संगठन ने उन्हें ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा है. श्री चक्रवर्ती ने कहा कि वे पार्टी के हर कार्यकर्ता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत बनाने का काम करेंगे.
संगठन ने युवा हाथों में सौंपी है संगठन की बागडोर : कुणाल
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सह बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने सौरभ चक्रवर्ती को ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनाये जाने पर बधाई दी है. उन्होंने कहा कि संगठन ने युवा हाथों में पार्टी की बागडोर सौंपी है. युवाओं को लाकर संगठन ने युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी दी है. युवाओं के आगे आने से आने वाले समय में क्षेत्र में पार्टी एक शक्ति के रूप में उभर कर आयेगी. युवा ही परिवर्तन ला सकते हैं. उन्होंने कहा कि सौरभ चक्रवर्ती के जिलाध्यक्ष बनने से युवाओं में हर्ष है.






