
जमशेदपुर : शहर समेत पूरे जिले में कोरोना का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है. यहां तक कि कई डॉक्टर वायरस की जद में आ गये हैं, तो कुछ नर्सिंग होम को भी सील कर दिया गया है. स्थिति को देखते हुए टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय को 21 जुलाई (मंगलवार) से बंद कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार टाटा यूनियन कार्यालय 5 अगस्त तक बंद रहेगा. यूनियन ने कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है. गौरतलब है कि शहर में दिनों-दिन कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है. टाटा स्टील में भी कई कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाये जा चुके हैं. शहर में कोरोना से मौतें भी हो चुकी हैं. इन सबके मद्देनजर टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय को एहतियात के तौर पर बंद करने का निर्णय लिया गया है.







