जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं मॉर्निंग वॉकर्स फ्लाइंग डिस्क ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 21 जून को प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक जुबिली पार्क स्थित जेएन टाटा स्टैच्यू के समक्ष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योगाभ्यास किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक रिद्धि मेहता ने योग प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित होकर प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि योग निरोगी काया के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा यह स्वस्थ जीवन का एक प्रभावी माध्यम है. उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में प्रत्येक व्यक्ति को योग और प्राणायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए. योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी प्रसन्न, शांत एवं संतुलित बनाता है. उन्होंने कहा कि योग अच्छा जीवन जीने की कला और भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरे विश्व ने अपनाया है. इसी के सम्मान में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, पवन नरेडी, मुकेश मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, मंटू अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, संतोख सिंह तथा मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप की ओर से भवानीशंकर गुप्ता, पवन अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, देवेंद्र सिंह, विशाल तिवारी, कमलेश अग्रवाल, नीना अग्रवाल एवं कमल अग्रवाल के साथ ही बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए.







