जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबिली समारोह का उद्घाटन रविवार, 25 मई को लोयला स्कूल के फेसी ऑडिटोरियम में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे. समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुण्डा एवं जमशेदपुर के सांसद विद्युतबरण महतो मौजूद रहेंगे.मानद महासचिव मानव केडिया ने कहा कि उद्घाटन समारोह की तैयारिेयां पूरी कर ली गई है. अतिथियों के स्वागत के लिए कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह सजा लिया गया है. इसके लिए चैम्बर पदाधिकारियों, कार्यकारिणी समिति तथा सदस्यों ने लगभग एक महीने पूर्व प्लेटिनम जुबिली समारोह तथा उद्घाटन की तैयारियां शुरू कर दी थी. जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम ने भी कार्यक्रम स्थल शनिवार को चैम्बर भवन का भी निरीक्षण किया.(नीचे भी पढ़े)
अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि चैम्बर के प्लेटिनम जुबिली समारोह महीने भर चलने वाला है, जिसका आगाज कल मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के द्वारा होगा.आजादी के बाद चैम्बर के संस्थापकों द्वारा व्यापार एवं उद्यम हित के लिये बिष्टुपुर स्थित रूस्तमजी मेंशन के एक छोटे से कमरे से जिस संगठन की नींव रखी थी वह आज एक विशाल बरगद के पेड़ की तरह खड़ा होकर अपने उद्देश्य व्यवसायी उद्यमी हित के साथ ही जन कल्याणकारी कार्यों में भी लगा है. संस्था लगातार अपने लक्ष्यों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है. श्री मूनका ने बताया कि जब चैम्बर भवन का बिष्टुपुर एरिया में निर्माण कार्य पूरा हुआ था तो उस वक्त बिहार के तत्कालीन राज्यपाल रहे जगन्नाथ कौशल ने इसका उद्घाटन किया था. चैम्बर के लगभग 2500 सदस्य हैं और यह प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब ढाई लाख से ज्यादा लोगों का प्रतिनिधित्व करती है. कई माननीय एवं कॉर्पोरेट दिग्गजों ने भी इससे पूर्व चैम्बर भवन पधारकर चैम्बर सदस्यों को संबोधित कर चुके है. इनमें वर्तमान राष्ट्रपति झारखण्ड राज्य के बतौर राज्यपाल एवं टाटा संस के तत्कालीन मानद चेयरमैन रतन टाटा का आगमन अविस्मरणीय क्षण चैम्बर के लिये रहा है.(नीचे भी पढ़े)
श्री मूनका ने बताया कि मुख्य अतिथि ओम बिरला कार्यक्रम के दौरान लगभग दो घंटे रहेंगे. इसके बाद चैम्बर भवन भी जाएंगे और इसकी भव्यता से रूबरू होंगे. चैम्बर सदस्यों में इस बात की काफी प्रसन्नता है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का पहली बार जमशेदपुर आगमन हो रहा है और वे चैम्बर भवन भी आयेंगे.उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी एवं सचिव अंशुल रिंगसिया ने बताया कि कार्यक्रम स्थल में आगंतुक 11.30 बजे तक ऑडिटोरियम में अपना स्थान ग्रहण कर लें. गाड़ियों की पार्किंग हेतु बेल्डीह क्लब और बीओसी गोल्फ ग्राउण्ड में व्यवस्था रहेगी तथा बुजुर्गों के लिए परेशानी से बचने के लिए लोयला स्कूल गेट से ऑडिटोरियम तक जाने के लिये बैटरी कार की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी. कार्यक्रम में बच्चों की इन्ट्री तथा ऑडिटोरियम के अंदर किसी भी तरह के खाने-पीने की चीजें की सख्त मनाही होगी तथा वहां मोबाईल यूज करने की किसी को इजाजत नहीं होगी या मोबाइल फोन साइलेंट अवस्था में रखना होगा. चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, भरत मकानी, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने सभी सदस्यों एवं आमंत्रित व्यापारी उद्यमियों से आग्रह किया है वे इस अवसर पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल और यादगार बनाये.











