
चाईबासा : कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम हेतु जारी लॉक डाउन में दिहाड़ी मजदूरों, बेघर, अनाथ, वंचित और असहाय लोगों तथा अन्य जरूरतमंदों को गर्म और ताजा भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने “मील्स ऑन द व्हील” के तहत् यह व्यवस्था की है कि फूड ट्रक के माध्यम से पश्चिमी सिंहभूम जिले के जरूरतमंद लोगों को उनके घर तक ताजा भोजन पहुंचाया जा रहा है । इस कड़ी में गुरुवार को जगन्नाथपुर पाताहातु स्थित अपने गांव में सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा ने स्वयं अपने हाथों से जरूरतमंदों को ताजा गर्म भोजन प्रदान की है ।
सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि जिन लोगों को खाना नहीं मिल पा रहा है, जो असहाय हैं, बुजुर्ग हैं, बीमार हैं या किन्हीं कारणों से उन तक भोजन नहीं पहुंच पा रहा है उन तक भोजन पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह हमारी कोशिश है कि गांव-गांव में और टोला मोहल्ला तक वैसे लोगों को खाना पहुंचाया जाए जो जरूरतमंद हैं। आगे उन्होंने कहा कि घर तक गर्म और ताजा भोजन पहुंचाने के लिए “मील्स ऑन द व्हील” एक अच्छी पहल है। सरकार अथक प्रयास कर रही है कि लोग किसी भी परिस्थिति में भूखे न रहें। अनुमंडलीय क्षेत्र के लिए फूड ट्रक इन्हीं प्रयासों में एक कड़ी है। और भी जरूरत पड़े तो सरकार और जिला प्रशासन के सभी लोग प्रयासरत हैं कि कहीं भी किसी तरह की शिकायत आए तो उस पर त्वरित कार्रवाई करें।


















