
चाकुलिया : दक्षिण पूर्व रेलवे की जीएम अर्चना जोशी ने गुरुवार को राखामाइंस, घाटशिला और चाकुलिया स्टेशन का निरीक्षण किया. सर्वप्रथम उन्होंने राखामाइंस स्टेशन पहुंचकर स्टेशन का अवलोकन किया और घाटशिला स्टेशन आने के पूर्व गालुडीह और घाटशिला स्टेशन के बीच स्वर्णरेखा नदी पर बने ब्रिज का अवलोकन कर उचित दिशा-निर्देश दिया. घाटशिला स्टेशन पहुंचने पर सांसद विद्युत वरण महतो और बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने जीएम का स्वागत किया. जीएम ने घाटशिला स्टेशन का निरीक्षण किया और यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए उपस्थित रेलवे कर्मियों को दिशा-निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
वहां सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक समीर महंती के साथ जीएम ने बैठ कर समस्याओं को सुना. सांसद ने मांग पत्र सौंपकर जीएम से खड़गपुर-टाटानगर स्टेशन के बीच चलने वाली सभी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शुरू करने, चाकुलिया स्टेशन को जिस तरह आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है उसी तर्ज पर घाटशिला स्टेशन का विकास करने, चाकुलिया स्टेशन और कोकपाड़ा स्टेशन के बीच दो रेलवे ट्रैक के बीच बसे चतरोडोबा गांव के ग्रामीणों की सहूलियत के लिए अंडरपास निर्माण कराने की बात कही। वहीं विधायक समीर महंती ने कोरोना काल में बंद हुए सभी ट्रेनों को पुनः पूर्व समय पर चलाने की मांग की और चाकुलिया स्टेशन पर क्रियायोग एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव करने, कानिमहुली हॉल्ट पर एक अंडरपास का निर्माण करने, रेलवे सौंदर्यीकरण में विस्थापित हुए दुकानदारों के लिए जगह मुहैया कराने समेत अन्य मांगों को रखा. जीएम ने दोनों जन प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को बोर्ड में रखकर जल्द समाधान करने की प्रयास करेंगी. (नीचे भी पढ़ें)

वहां से चाकुलिया स्टेशन पहुंचकर जीएम अर्चना जोशी ने पैदल ही स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने ट्रैक पर कार्य कर रहे गैंगमैन से लगभग आधा घंटा तक बात कर ट्रैक की सुरक्षा और रख-रखाव संबंधित जानकारी प्राप्त की. उन्होंने रेलवे क्वार्टर का निरीक्षण किया और क्वार्टर में रह रहे रेलवे कर्मियों के परिजनों से मिलकर बात कर उनकी समस्या से अवगत हुई. चाकुलिया स्टेशन पर निर्मित पार्क का उद्घाटन फीता काटकर किया. उद्घाटन के पश्चात उन्होंने नव निर्मित फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण कर वीएसएफडी मशीन की पूर्ण जानकारी कर्मियों से प्राप्त की. कर्मियों द्वारा पूर्ण जानकारी देने पर संतुष्ट होकर अरिंदम रॉय एंड टीम को 2000 रुपए देकर पुरस्कृत किया. इस दौरान डीआरएम मनोरंजन प्रधान समेत रेलवे के कई पदाधिकारी उपस्थित थे.








