
घाटशिला : पूर्व विधायक सह भाजपा युवा नेता कुणाल षाड़ंगी ने मंगलवार को घाटशिला में आभूषण, कपड़ा और जूता दुकानदारों के साथ बैठक की. झारखंड में लॉकडाउन खुलने के बाद भी कपड़ा, जूता,और आभूषणों की दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है. कुछ दिनों पहले राज्य सरकार ने जिला मुख्यालय में कपड़ा व जूतों की दुकानों को खोलने की अनुमति दी है, लेकिन अनुमंडल के विभिन्न छोटे बड़े कस्बों और घाटशिला मुसाबनी, धालभूमगढ़ ,चाकुलिया समेत अन्य प्रखंडो में अब भी दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है.
घाटशिला में शिवरतन अग्रवाल के अध्यक्षता में हुई बैठक में कुणाल षाड़ंगी ने दूरभाष पर राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह से इस मसले पर बात की. पूर्व विधायक ने कहा कि इधर सरकार लोगों को यथासंभव कम यात्रा करने को कह रही है लेकिन त्योहारों और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को छोटी सी खरीदारी के लिए भी ज़िला मुख्यालय जाने पर मजबूर कर रही है.नियमों का पालन करके दुकान खोलने को तैयार व्यवसायों को अनुमति नहीं देकर अनुमंडल के सैकड़ों लोग जो इस व्यापार से जुड़े हैं उनकी ओर उदासीनता का रवैया अपना रही है. घाटशिला, बहरागोड़ा, डुमरिया, जादूगोड़ा, मूसाबनी, चाकुलिया जैसी जगहों पर कपड़ा, जूता,और आभूषणों की दुकानें खोलने की अनुमति अविलंब सरकार को देनी चाहिए.







