
Jamshedpur : शहर की सड़कों पर टाटा मोटर्स निर्मित इलेक्ट्रिक कारें दौड़ेंगी. इससे पूर्व शुक्रवार को टाटा स्टील के अंदर इन कारों का परिचालन शुरू हो गया. टाटा मोटर्स से टाटा स्टील ने इलेक्ट्रिक कारों के पहले बैच को खरीदा है. चमरिया गेस्ट हाउस के पास आयोजित एक समारोह में टाटा स्टील के वीपी (कार्पोरेट सर्विसेज) चाणक्य चौधरी, वीपी (सेफ्टी) संजीव पॉल, टाटा मोटर्स के हेड ऑफ इलेक्ट्रिकल वेहिकल शैलेश चंद्रा व टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने झंडी दिखा कर इलेक्ट्रिक कार को रवाना किया. उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स ने हाल ही में अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को लांच किया है, जिसे इलेक्ट्रिक वाहनों के भविष्य को देखते हुए खास माना जा रहा है. यहां पत्रकारों से बात करते हुए शैलेश चंद्रा ने बताया कि टाटा मोटर्स ने आम ग्राहकों के लिए भी अपनी ई-कार लांच कर दी है. टाटा की इलेक्ट्रिक सेडान कार टिगोर ईवी का अपडेटेड वर्जन लांच हुआ है. नयी टिगोर ईवी में प्रमुख बदलाव इसके बैटरी पैक व इसके रेंज में हुआ है. पहले की तुलना में टिगोर में अब बड़ा बैटरी पैक दिया गया है. टिगोर ईवी की रेंज भी अब ज्यादा है. नयी टिगोर ईवी टाटा मोटर्स की पहली कार है, जो आम ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध है. यदि आप व्यक्तिगत उपयोग के लिए भी कार खरीदते हैं, तो उसकी कीमत व व्यवसायिक उपयोग के लिए खरीदने पर कीमत में फर्क है. श्री चंद्रा ने बताया कि इसकी बैटरी दो रेंज में है. एक की क्षमता 142 किलोमीटर है, जिसे आमतौर पर 110 किलोमीटर के बाद चार्ज करना पड़ता है. इसी तरह दूसरा बैटरी पैक 200 किलोमीटर से अधिक क्षमता वाला है, जिसे 170 किलोमीटर के बाद चार्ज करना पड़ता है. हालांकि घर में भी बैटरी चार्ज की जा सकती है. चार्जिंग के लिए जगह-जगह सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं. चार्जिंग के लिए पेट्रोल पंप की तरह कोई रिफिल स्टेशन या आधारभूत संरचना खड़ी करने की जरूरत नहीं है, बल्कि यह सुविधा किसी पान की दुकान में भी उपलब्ध हो सकती है. उन्होंने बताया कि फिलहाल 10 हजार गाड़ियों का ऑर्डर कंपनी के पास है. टाटा स्टील के अलावा इंफोसिस, कॉग्निजेंस समेत अन्य कंपनियां भी इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदारी कर रही हैं. निकट भविष्य में कार के अलावा अन्य इलेक्ट्रिक वाहन भी कंपनी तैयार करेगी



