जमशेदपुर : टाटा समूह की पावर कंपनी टाटा पावर पर साइबर अटैक हुआ है. शुक्रवार की देर शाम को यह साइबर अटैक किया यगा है. इसकी पुष्टि कंपनी की ओर से की गयी है, जिसमें टाटा पावर ने बताया है कि साइबर अटैक कंपनी पर जरूर हुई है, लेकिन कई संवेदनशील काम पर इसका असर नहीं पड़ा है. कई जगहों पर पोर्टल और सारे सिस्टम को काट दिया गया है ताकि ज्यादा नुकसान नहीं हो सके. हालांकि, टाटा पावर द्वारा यह पुष्टि नहीं की गयी है कि आखिर इससे क्या नुकसान उठाना पड़ा है. कंपनी द्वारा यह बताया गया है कि इसको फिर से दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है. सिस्टम को ऑपरेशनल बनाने की कार्रवाई की जा रही है. आपको बता दें कि टाटा पावर नेट जीरो एमिशन करने के टारगेट के तहत काम कर रही है. अभी टाटा पावर 13974 मेगावाट का प्रोडक्शन करती है.
टाटा स्टील समेत टाटा समूह की सभी कंपनियों को किया गया सतर्क
टाटा पावर पर हुए साइबर अटैक के बाद टाटा स्टील समेत टाटा मोटर्स और अन्य सारी कंपनियों को सतर्क कर दिया गया है. सबको इसके लिए आगाह कर दिया गया है. सभी तरह के साइबर अटैक को नेस्तनाबूंद करने के लिए इन कंपनियों के साइबर एक्सपर्ट को तैयार कर दिया गया है. साइबर सिक्यूरिटी को तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी हाल में साइबर हमलो से किसी को इफेक्ट ना पड़ पाये.






