
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट स्थित टाटा मोटर्स कैंटीन के कर्मचारियों के मामले में मंगलवार को अहम सुनवाई होने वाली है. टेल्को कैंटीन इंम्प्लाइज यूनियन बनाम स्टेट ऑफ झारखंड, रिट पिटीशन नंबर 3420/2009 की सुनवाई मंगलवार 12 जनवरी को झारखंड उच्च न्यायालय के कोर्ट नंबर 17 में होगी. इस सुनवाई में अधिवक्ता अखिलेश श्रीवास्तव और विकास सिंह टेल्को कैंटीन के मजदूरों का प्रतिनिधित्व करेंगे. ज्ञातव्य है कि टाटा मोटर्स कंपनी ने अपने लगभग 400 कर्मचारियों को स्थायी करने के बजाय फर्जी आरोप लगाकर नौकरी से निकाल दिया था. इन कर्मचारियों ने पहले डीएलसी के यहां इंडस्ट्रियल डिस्प्यूट खड़ा किया. डीएलसी ने मामला लेबर कमिश्नर को भेजा. लेबर कमिश्नर ने उक्त मामले को यह कहकर खारिज कर दिया कि वह इंडस्ट्रियल डिस्प्यूट का मामला नहीं है. कर्मचारी उसके बाद पटना उच्च न्यायालय गये. पटना उच्च न्यायालय ने उक्त मसले को इंडस्ट्रियल ट्राईब्यूनल में भेजने का आदेश दिया. उक्त आदेश के बाद बिहार सरकार ने उसे इंडस्ट्रियल ट्राईब्यूनल में 21, मार्च, 1994 को रेफर किया और इल्तिजा की कि उस पर 6 महीने में आदेश पारित किया जाये पर इंडस्ट्रियल ट्राईब्यूनल ने आज तक आदेश पारित नहीं किया. कर्मचारी इस विलंब के खिलाफ 2009 में त्वरीत सुनवाई की प्रार्थना लेकर झारखंड उच्च न्यायालय गये थे, जिसकी भी सुनवाई आज तक नहीं हुई. उल्लेखनीय है कि इस मामले के कई मजदूर अब इस दुनिया में नहीं रहे.






