
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव में शह और मात का खेल शुरु हो चुका है. 13 जनवरी को टाटा वर्कर्स यूनियन के रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव समिति के छह सदस्यों का चुनाव होना है. इसको लेकर शहनवाज आलम, शैलेश सिंह, अरविंद पांडेय और आर रवि प्रसाद की चौकड़ी सत्ता पक्ष की टीम ने पूरी ताकत लगा दी है कि अपने आरओ के उम्मीदवार प्रवीण कुमार को जीत दिला दी जाये. वहीं, विपक्ष के संजीव चौधरी टुन्नु और सतीश सिंह के नेतृत्व में आरओ प्रत्याशी संतोष सिंह को चुनाव में जीताने की कोशिशें शुरू हो चुकी है. इसको लेकर दोनों ओर से चुनाव प्रचार चल रहा है. इसमें कुल 205 कमेटी मेंबर मतदान करेंगे. वैसे कुल कमेटी मेंबरों की संख्या 214 है, जिसमें से 9 सीट खाली है क्योंकि या तो कमेटी मेंबर का निधन हो चुका है या फिर वे लोग रिटायर हो चुके है. इस कारण करीब 9 पद खाली है. इस मतदान में जो भी 103 वोट लायेगा, उसकी जीत होगी. ऐसे में 103 के जादूई आंकड़े को हासिल करने के लिए सारे लोगों ने अपनी जुगत लगा दी है. वैसे आरओ के तौर पर सत्ता पक्ष के अरविंद और शैलेश सिंह और शहनवाज आलम की टीम ने प्रवीण कुमार को उम्मीदवार बनाया है जबकि छह सदस्यीय चुनाव समिति के लिए प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह (कोक प्लांट, एके सिंह मुखिया (सिंटर प्लांट) शिव दत्त तिवारी, उर्फ मुन्ना तिवारी (सिक्योरिटी डिपार्टमेंट), एके करण (आरएमएम विभाग), संजय कुमार दुबे (एलडी 1), नेहा महतो (पावर सिस्टम) का नाम शामिल है. इसी तरह विपक्ष की ओर से आरओ के प्रत्याशी संतोश सिंह बनाये गये है जबकि चुनाव समिति के सदस्य के तौर पर प्रत्याशी ए कृष्णा राजू (एचएसएम), आशी कुमारी (कोक प्लांट), अजीत कुमार लकड़ा (सिंटर प्लांट), नितिन कुमार झा (एलडी3 टीएससीआर), पीएन सिंह (सीआरएम), महेश कुमार (एलडी 1) प्रत्याशी बनाये गये है. इधर, सत्ता पक्ष की टीम की एक बैठक कोषाध्यक्ष प्रभात लाल के बिष्टुपुर स्थित आवास पर दौरान चुनाव समिति के तमाम सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित थे. सर्वप्रथम सबों ने शुक्रवार को हुई मीटिंग को सफल बनाने के लिए तमाम 150 कमेटी मेंबरों को तहे दिल से धन्यवाद दिया. साथ ही अभी कहा कि हमारी टीम के सभी कमेटी मेंबरों को जीत के लिए हमारी टीम दिन रात काम करेगी. इस दौरान 13 जनवरी को चुनाव कमेटी के चुनाव के लिए तैयारियों का जायजा लिया गया. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जो भी कमेटी मेंबर अभी हमारी टीम के साथ नहीं जुड़े हैं, उन तमाम कमेटी मेंबरों का हमारी टीम तहे दिल से स्वागत करती है और हम चाहते हैं कि सारे कमेटी मेंबर हमारी टीम के साथ आएं जिससे एक मजबूत और सशक्त चुनाव कमेटी का निर्माण हो सके, जो कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव करा सके. परिणाम स्वरूप एक मजबूत यूनियन का निर्माण हो पाएगा. दूसरी ओर, पूर्व अध्यक्ष पीएन सिंह ने यूनियन चुनाव में अपना बयान जारी किया है. टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष पीएन सिंह ने टाटा वर्कर्स यूनियन के आसन्न चुनाव के लिए चुनाव पदाधिकारी और चुनाव समिति के चयन के लिए चुनाव स्थल के चयन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि लगता है अपने-अपने चुनाव पदाधिकारी के प्रति दोनों ही खेमा आश्वस्त नहीं है, यही कारण है कि चुनाव कंपनी परिसर स्थित स्टीलेनियम हाल का चयन मतदान स्थल के लिए किया गया है जबकि अब तक यूनियन चुनाव के लिए मतदान टाटा वर्कर्स यूनियन स्थित माइकल जान सभागार में होता था और चुनाव कंपनी के अंदर भी और बाहर भी होता था. उन्होंने कहा है कि दोनों पक्ष कमेटी मेम्बरो को प्रभावित करने के लिए चुनाव समिति और चुनाव अधिकारी का चुनाव कराने के लिए स्टीलेनियम हाल पर सहमत हुए हैं. उन्होंने बताया कि पिछले 6 वर्षों में मजदूर विरोधी हुए सभी समझौते पर दोनों पक्षों ने हस्ताक्षर किए हैं, जिससे मजदूरों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है. अब ये नेता आपस में सत्ता पक्ष और विपक्ष का खेल कर रहे. मजदूर इनके सभी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं. आने वाले समय में इसका हिसाब लेंगे.




