जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में एक बार फिर से 28 और 29 जून यानी मंगलवार और बुधवार को दो दिनों का कंपनी ने ब्लॉक क्लोजर लिया है. इस तरह लगातार कंपनी वर्कऑर्डर कम होने के कारण ब्लॉक क्लोजर ले रही है. इसको लेकर टाटा मोटर्स के प्लांट हेड जमशेदपुर विशाल बादशाह के हस्ताक्षर से एक सरकुलर जारी किया गया है. इसके बाद कर्मचारियों को 30 जून को जमशेदपुर प्लांट में काम करना है. इस दौरान सारे कर्मचारियों को ब्लॉक क्लोजर के दौरान आधा वेतन गंवाना होगा जबकि कंपनी आधा वेतन का ही भुगतान करेगी. टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में लगातार घटते वर्कऑर्डर के कारण यह कदम उठाया गया है. इससे पहले टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में एक साथ तीन दिन का ब्लॉक क्लोजर लिया गया था. 22 जून, 23 जून और 24 जून को ब्लॉक क्लोजर लिया गया था.
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र पर भी पड़ेगा असर
ब्लॉक क्लोजर के कारण सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनियों पर असर पड़ने वाला है. करीब 1200 कंपनियों के साथ-साथ टाटा कमिंस, गोविंदपुर स्थित स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स लिमिटेड पर भी सीधे तौर पर असर पड़ा है. करीब 1.50 लाख मजदूरों वाला आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी इसका प्रतिकूल असर पड़ेगा. यह मंदी की स्थिति कितने दिनों तक रहेगी और क्या कुछ होगा, इसको लेकर आर्थिक मामलों के जानकार भी कुछ कहने को तैयार नहीं है. टाटा मोटर्स के लिए ही यहां की कंपनियां सप्लाइ करते है.




