जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के कर्मचारियों के वेज स्ट्रक्चर के पुर्नगठन को लेकर एक समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. स्वतंत्रता दिवस के ठीक पहले दिन यह समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन और टाटा मोटर्स लिमिटेड, जमशेदपुर के बीच वेतन संहिता, 2019 (कोड ऑन वेजेस, 2019) के सिद्धांतों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप कर्मचारियों की वेतन संरचना के पुनर्गठन के लिए समझौते पर सहमति बनी. इस दौरान प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय तथा यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह मौजूद थे. (नीचे भी पढ़े)

इस समझौते का उद्देश्य यूनियन और प्रबंधन की पारदर्शी, नियमों के अनुरूप, न्यायसंगत एवं टिकाऊ वेतन संरचना सुनिश्चित करने की संयुक्त प्रतिबद्धता को दर्शाता है. साथ ही, इसका उद्देश्य कर्मचारियों के वैध हितों की रक्षा करना तथा कंपनी की दीर्घकालिक वृद्धि और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करना है. इस वेतन पुनर्गठन को लागू करने में लगभग 3 महीने का समय लगेगा, जिसके बाद इसका प्रभाव कर्मचारियों की वेतन पर्ची (सैलेरी स्लिप ) में दिखाई देगा. यूनियन ने भरोसा दिलाया कि वेतन पुनर्गठन की प्रक्रिया से किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा. यूनियन ने चर्चा के दौरान प्रबंधन द्वारा अपनाए गए रचनात्मक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना की तथा इस बात को स्वीकार किया कि ऐसे महत्वपूर्ण विषयों का समाधान आपसी विचार-विमर्श एवं संवाद के माध्यम से किया जाना आवश्यक है.







