जमशेदपुर : मजदूर भाइयों द्वारा यह सम्मान हमें अगले जिम्मेदारियों का एहसास कराता है. आने वाले दिनों में जब हम प्रबंधन से मजदूर हित में कोई वार्ता करें तो आप सबों का चेहरा और अपेक्षाएं हमें याद रखना है. सम्मान को मैं इसी रूप में देखता हूं और सदैव यही याद रखता हूं. तभी मैं छोटी बड़ी तमाम बातों को प्रबंधन के समक्ष रख पाता हूं. यह बात टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने कहा. श्री सिंह सम्मान समारोह में बोल रहे थे. गौरतलब है कि इन दिनों टाटा मोटर्स के विभिन्न डिवीजनों में बेहतर वेतन समझौता के फलस्वरूप यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का ज़ोरदार स्वागत का दौर जारी है. (नीचे भी पढ़ें)

सोमवार को एचवीटीएल एवं इंजन डिवीजन में सम्मान समारोह आयोजित की गई. एचवीटीएल में आयोजित स्वागत समारोह में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह, प्रबंधन की ओर से जीएम शुभाशीष दास, जीएम पीके सिंहा, डीजीएम प्रभात साहू , आशुतोष त्रिपाठी, ईआर के वरीय प्रबंधक अमित झा समेत यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी मेंबर, आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य तथा भारी संख्या में महिला व पुरुष कर्मचारी शामिल थे. यहां अंगवस्त्र एवं गज माला पहनाकर अध्यक्ष व महामंत्री का जोरदार स्वागत किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
यहां अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि आप सबों ने सुझाव दिया. यूनियन नेतृत्व पर भरोसा जताया फलस्वरूप यूनियन इतना अच्छा वेतन समझौता कर पाई. कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन केपी शर्मा ने किया. उधर इंजन डिवीजन में भी अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह का यूनियन के पूरी टीम के साथ जबर्दस्त स्वागत किया गया. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह , डीजीएम बिंटू कुमार, सुधांशु दास , विनय सत्संगी समेत अन्य का अंगवस्त्र एवं फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया. महामंत्री आरके सिंह समझौते के हर पहलुओं पर फोकस किये. उन्होंने स्वागत के लिए सबों के प्रति आभार जताया. कार्यक्रम का संचालन चंद्रकांत सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन उत्तम गुहा ने किया.



