जमशेदपुर : टाटा समूह के जेनरल काउंसिल सह ग्रुप लीगल सिद्धार्थ शर्मा और टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी पार्वथीसम कांचिनाधाम टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के दौरे पर है. इन दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने टाटा स्टील का दौरा किया. इसके बाद वे लोग टाटा वर्कर्स यूनियन का दौरा करने पहुंचे. पूरे यूनियन का दौरा किया और क्या हालात है, इसके बारे में जानकारी हासिल की. इस दौरान यूनियन का इतिहास जानकर टाटा समूह के ग्रुप काउंसिल सह ग्रुप लीगल सिद्धार्थ शर्मा काफी प्रभावित हुए और कहा कि टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन के आपसी संबंधों और इतिहास को जानकर वे काफी प्रभावित हुए और शायद ही ऐसी कोई कंपनी होगी, जो ऐसा काम करता होगा. (नीचे भी पढ़ें)

इन दोनों अधिकारियों के साथ टाटा स्टील के चीफ ग्रुप एचआर व आइआर जुबिन पालिया मौजूद थे. दोनों का यहां पहुंचने पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. इस दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शहनवाज आलम, संजय कुमार सिंह, सहायक सचिव नितेश राज, श्याम बाबू, कोषाध्यक्ष आमोद दुबे समेत अन्य लोगों ने यूनियन के इतिहास की जानकारी ली.



