जमशेदपुर : टाटा स्टील की मैनेजमेंट और यूनियन की संयुक्त सर्वोच्च कमेटी एपेक्स जेसीसीएम की बैठक शुक्रवार को मुंबई में हुई. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन की अध्यक्षता में हुई इस पहली बैठक में विस्तार से सारे मुद्दे पर चर्चा की गयी. इस दौरान एमडी के अलावा एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर कौशिक चटर्जी, चीफ पीपुल ऑफिसर अतरई सान्याल, वीपी स्मिता शाह, सीएचआरओ जुबिन पालिया, राहुल दुबे समेत अन्य अधिकारी मैनेजमेंट की ओर से मौजूद थे. सारे वाइस प्रेसिडेंट ऑनलाइन इस पहली बैठक में जुड़े थे. (नीचे भी पढ़ें)

एपेक्स जेसीसीएम के वाइस चेयरपर्सन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के अलावा महामंत्री सतीश सिंह, टाटा कामगार यूनियन के अध्यक्ष बीके डिंडा, टिस्को ग्रोथ शॉप के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, टाटा मेटालिक्स के चंद्रशेखर कुमार, टाटा स्टील मार्केटिंग व सेल्स के इंद्रजीत बोस, टाटा स्टील खड़गपुर के मुकेश कुमार, झरिया डिवीजन के अजय राय, वेस्ट बोकारो यूनियन के मोहन महतो समेत अन्य लोग मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान सीएचआरओ जुबिन पालिया ने एपेक्स जेसीसीएम की पूरी व्यवस्था की जानकारी सभी लोगों को दी. इसके अलावा टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने मीटिंग में यह जानकारी दी कि कंपनी के समक्ष काफी चुनौतियां अभी है. भारत सरकार ने आयात पर अस्थायी तौर पर राहत दी है, लेकिन आने वाले समय में कभीभी यह चुनौती आ सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

लिहाजा, इस तरह की चुनौतियों को लेकर हम लोगों को तैयार रहने की जरूरत है. उन्होंने बताया कि सारे प्लांट का विस्तार का काम जारी रहेगा. एमडी ने कंपनी के विस्तार का रोडमैप भी पेश किया है. टाटा स्टील कलिंगानगर में 5 मिलियन टन प्रति वर्ष की क्षमता विकसित करेगी. इसके तहत ब्लास्ट फर्नेस और कोक ओवन्स स्थापित किए जाएंगे. वहीं, कास्टर 3 सितंबर तक ऑनलाइन हो जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

लुधियाना में 0.75 मिलियन टन का उत्पादन होगा, जिसकी स्थापना 2027 तक हो जाएगी. कंपनी 2.2 मिलियन टन प्रति वर्ष की सीआरएम कॉम्प्लेक्स की स्थापना करेगी. खपोली और मेरामंडली में कलर कोटेड लाइन 230 किलोटन प्रति वर्ष का प्लांट लगाएगी. ट्यूब में डायरेक्टर फार्मिंग मिल की स्थापना जून तक कर ली जाएगी. लो रिलेक्शन प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट में 42 किलोटन प्रति वर्ष की लाइन की स्थापना की जाएगी. एमडी ने यहां कई सारे सवाल का जवाब दिया. (नीचे भी पढ़ें)
झरिया डिवीजन की ओर से यूनियन के अध्यक्ष ने सवाल पूछा कि उन लोगों का क्या भविष्य होगा. इस पर एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहा कि झरिया में प्रोडक्शन प्रभावित है. कई एरिया खतरनाक हो चुके है. कैसे इसको संचालित किया जा सकता है, इस पर अभी विचार किया जा रहा है. इस दौरान एपेक्स जेसीसीएम के वाइस चेयरमैन और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने बताया कि इपीएस 95 को लेकर मैनेजमेंट और यूनियन ने प्रयास किया है. इस पर इपीएफओ विभाग की ओर से सकारात्मक प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने यहां बताया कि सेफ्टी को लेकर यूनियन के स्तर पर भी बातचीत की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा वर्कर्स यूनियन से जुड़े लोग शॉप फ्लोर में वीपी सेफ्टी के साथ समन्वय स्थापित कर सबको सेफ्टी की जानकारी दे रहे है ताकि हादसे रोके जा सके. हादसे को रोकने के लिए सबको मिलकर पहल करने की अपील श्री चौधरी ने किया. इस दौरान लांग सर्विस अवार्ड पाने वाले यूनियन नेताओं को उन्होंने सम्मानित भी किया.




