
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के क्वार्टर अलॉटमेंट की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है. गुरुवार को टाटा स्टील मैनेजमेंट और यूनियन के बीच हुई बैठक के बाद इस पर फैसला लिया गया. इस बैठक में टाटा स्टील के वरीय अधिकारी जुबिन पालिया, संजय कुमार, कृपाल सिंह के अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह, और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडे मौजूद थे. इस बैठक में कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न हालात पर चर्चा की गई. यह तय किया गया कि टाटा स्टील के कर्मचारियों का क्वार्टर का नया एलॉटमेंट नहीं किया जाएगा. वैसे कर्मचारी जिसके लिए मेडिकल के लिहाज से जरूरी है उसको क्वार्टर का एलॉटमेंट किया जाएगा, उसकी भी मंजूरी क्वार्टर एलॉटमेंट कमिटी (क्यूए सी) की बैठक में दी जाएगी. अगर कोई कर्मचारी अब तक एक भी क्वार्टर नहीं लिया है तो उसको अलॉटमेंट पर विचार किया जा सकता है, जिस पर क्वार्टर एलॉटमेंट कमिटी की बैठक में फैसला लिया जाएगा. टाटा स्टील ने टीआरएम (टोटल, रिपेयरिंग एंड मैनेजमेंट) जॉब को भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है. इसका मतलब यह है कि किसी तरह का कोई रिपेयरिंग व मेंटेनेंस का काम क्वार्टर का नहीं होगा. सितंबर माह तक के लिए रोक लगाने का गुरुवार को फैसला लिया गया है. सितंबर माह के बाद इन सारे अलॉटमेंट और कार्यों को करना है कि नहीं इस पर भी फैसला बाद में किया जाएगा. फिलहाल सितंबर तक यह आदेश लागू रहेगा. गुरुवार को हुई बैठक में टाटा स्टील के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी कि अगले आदेश तक टाटा स्टील के कोई भी गेस्ट हाउस की बुकिंग सितंबर तक के लिए नहीं होगी. सिर्फ जमशेदपुर के डिमना गेस्ट हाउस चालू रहेगा, जिसकी बुकिंग विशेष परिस्थिति में ही ली जाएगी. इस दौरान यह भी कहा गया की यूनियन इन सारे मामले में मैनेजमेंट सपोर्ट करें.





