
चाईबासा : टाटा स्टील ने शुक्रवार को नोवामुंडी और काटामाटी में पौधारोपण अभियान चला कर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया। इस अवसर पर नोवामुंडी के फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर अजय कुमार को पौधारोपण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर राहुल किशोर, हेड, काटामाटी आयरन माइन, संजीत अध्या, हेड, नोआमुंडी आयरन माइन समेत टाटा स्टील इन्वायर्नमेंट डिपार्टमेंट से विनायक देशपांडे और रोशन सिंह तथा कंपनी के अन्य अधिकारी उपस्थित थे। काटामाटी आयरन माइन में प्रातः नौ बजे पौधारोपण अभियान आरंभ किया गया। माइंस में ओवरबर्डन डम्प पर बीज के गोले छींट कर पौधारोपण किया गया। यह एक अभिनव तकनीक है, जिसमें बीज के गोले मानसून में खुद फट जाते हैं और पौधे पनपना आरंभ कर देते हैं। पौधारोपण के लि विभिन्न प्रजातियों के पौधों के 3500 से अधिक बीज के गोले का इस्तेमाल किया गया। दूसरी ओर, नोवामुंडी में टाटा स्टील टाउनशिप के अंदर सुबह 11 बजे डीएवी स्कूल रोड के समीप पौधारोपण किया गया। यहां मियावाकी प्रणाली के माध्यम से 711 से अधिक पौध लगाये गये, जिनमें स्थानीय किस्मों के 29 से अधिक पौधे थे। मियावाकी पौधारोपण में विभिन्न ऊंचाई और विशेषताओं वाले पौधे लगाये जाते हैं। इससे मिट्टी के क्षरण को रोकने में मदद मिलती है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पिछले तीन सालों में यहां 2700 से अधिक पौधे लगाये जा चुके हैं। पूरी दुनिया में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और इसकी सुरक्षा के लिए कार्य करने की प्रेरणा देने के लिए हर वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है।







