
जमशेदपुर : टाटा स्टील में मंगलवार को हादसा हो गया. इस घटना में ठेका कर्मचारी का हाथ ही कटकर अलग हो गया. इस मामले की जांच तेज हो चुकी है. घटना मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे की है. टाटा स्टील के कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) के सीजीएल 2 सेक्शन में काम चल रहा था. इसी दौरान उसके डिफ्लेक्टर रोल में ठेका श्रमिक हृदय मुंडा काम कर रहा था. बताया जाता है कि वह वहां रोल की सफाई कर रहा था कि अचानक से मशीन चल गया और उसका कपड़ा फंस गया, वह कपड़ा निकालने लगा तो उसका बायां हाथ ही फंस गया, जिसके बाद वह हाथ को झटका देकर छुड़ाया तो उसका हाथ ही अलग हो गया. किसी तरह वहां काम करने वाले कर्मचारियों ने मशीन को बंद किया और लहुलुहान उक्त कर्मचारी को तत्काल टीएमएच पहुंचाया. उसका एक हाथ को अलग से टीएमएच ले जाया गया, जहां उसके हाथ को जोड़ने की कोशिश की गयी, लेकिन हाथ नहीं जुटा. अब मजबूरीवश हाथ काटा जा चुका है. वह कर्मचारी सीतारामडेरा का रहने वाला है और ठेका कंपनी एलइ इंटरप्राइजेज के लिए काम करता था. उसके हाथ को जोड़ने के लिए काफी प्रयास किये गये, लेकिन हाथ जुड़ नहीं पाया. इस घटना की पुष्टि टाटा स्टील ने की है और मामले की जांच शुरू कर दी है. इसकी जांच के बाद ही खुलासा होगा कि कैसे यह हादसा हुआ है.





