जमशेदपुर : टाटा स्टील में एक बार फिर मैनपावर की व्यापक समीक्षा शुरू हो गयी है, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है. समीक्षा का केंद्र पुराने प्लांट और विभाग हैं, जिनमें ब्लास्ट फर्नेस, कोल्ड रोलिंग मिल, आरएमएम समेत कई यूनिट शामिल हैं. इन विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की उत्पादकता (प्रोडक्टिविटी) का नये सिरे से आकलन किया जा रहा है ताकि जरूरत से ज्यादा मैनपावर की पहचान कर उसे कम किया जा सके. बताया जा रहा है कि जहां कम काम है, वहां अधिक मैनपावर को समायोजित (एडजस्ट) किया गया है. इसे संतुलित करने के लिए एचआर विभाग द्वारा एक निजी एजेंसी से अध्ययन कराया जा रहा है. यह प्रक्रिया संभावित मैनपावर कटौती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. साथ ही, पुराने विभागों में आधुनिक तरीकों से काम कराने के लिए भी समीक्षा की जा रही है. इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी टाटा वर्कर्स यूनियन तक भी पहुंची है. (नीचे भी पढ़ें)
चर्चा है कि ओल्ड सीरीज के कर्मचारी, जिनका वेतन बोझ ज्यादा है, अब समीक्षा के दायरे में हैं. ऐसे कर्मचारियों को सरप्लस घोषित करने या अन्य विभागों में ट्रांसफर करने की तैयारी की जा रही है, हालांकि अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है. इधर, यूनियन के कमेटी मेंबरों की उपस्थिति और ड्यूटी समय पर भी निगरानी बढ़ा दी गयी है, जिससे संगठन में असहजता का माहौल है. शॉप फ्लोर पर भी कॉस्ट कटिंग के तहत कई जरूरी कार्यों पर रोक लगायी गयी है. यूनियन पर इस मुद्दे को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा है. दूसरी ओर, टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन इस समय गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहा है. विभाग को स्थिर करने और संचालन लागत (फिक्स्ड कॉस्ट) में कटौती के लिए मैनपावर राइटसाइजिंग यानी कर्मियों की संख्या कम करने की आवश्यकता बतायी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बुधवार को इस विषय पर ट्यूब डिवीजन के कार्यकारी निदेशक (इआइसी) संजय साहनी ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह के साथ बैठक की. बैठक में यूनियन के ट्यूब डिवीजन प्रभारी उपाध्यक्ष शहनवाज आलम, सहायक सचिव श्याम बाबू, एचआर पदाधिकारी शुभ्रा सिंह और किंकनी दास भी उपस्थित थे. बैठक में एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया कि ट्यूब डिवीजन कुल एक मिलियन टन उत्पादन कर रहा है, जिसमें जमशेदपुर प्लांट से केवल 25% उत्पादन होता है जबकि शेष 75% उत्पादन बाहरी एजेंसियों से कराया जा रहा है. इन बाहरी एजेंसियों द्वारा उत्पादित सामग्री पर टाटा स्टील की गुणवत्ता जांच के बाद कंपनी की ब्रांडिंग की जाती है. प्रेजेंटेशन में यह स्पष्ट किया गया कि ट्यूब डिवीजन में आंतरिक उत्पादन की लागत अत्यधिक है, जबकि बाहरी एजेंसियों के जरिये उत्पादन सस्ता और प्रभावी है. ऐसे में कंपनी अपने फिक्स्ड कॉस्ट को घटाने के लिए वेतन और स्टाफ लागत में कटौती पर विचार कर रही है. हालांकि अभी तक यूनियन को मैनपावर कटौती का कोई लिखित प्रस्ताव नहीं सौंपा गया है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि जल्द ही यह प्रस्ताव सामने आ सकता है. इससे पहले यूनियन के कमेटी मेंबरों को यह प्रेजेंटेशन दिखाया जा चुका है.














