जमशेदपुर : टाटा स्टील की काटामाटी लौह खदान को फेडरेशन ऑफ इंडियन मिनरल इंडस्ट्रीज (एफआइएमआइ) द्वारा प्रतिष्ठित ‘बाला गुलशन टंडन अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस (2025–26)’ से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान खदान के परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत खनन विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट समग्र प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया. नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भारत सरकार के खान मंत्रालय के माननीय सचिव केशव चंद्र ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया. टाटा स्टील की ओर से यह सम्मान काटामाटी लौह खदान के प्रतिनिधिमंडल अवनीश कुमार (चीफ माइन प्लानिंग, ओएमक्यू डिवीजन), अजय कुमार गोयल (हेड, ऑपरेशन, काटामाटी लौह खदान), गोपी चंद (एरिया मैनेजर, सेफ्टी) तथा मनदीप सिंह गिल (सीनियर मैनेजर, ऑपरेशन) ने ग्रहण किया. यह सम्मान टाटा स्टील काटामाटी लौह खदान की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, जिम्मेदार खनन प्रथाओं तथा खनन गतिविधियों में उत्कृष्टता और स्थिरता के उच्च मानकों के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है. (नीचे भी पढ़ें)

यह उपलब्धि खदान में अपनाई जा रही प्रभावी परिचालन प्रक्रियाओं, कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्राथमिकता देने की संस्कृति, पर्यावरणीय प्रबंधन तथा स्थानीय समुदायों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है. परिचालन दक्षता और सतत विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए टाटा स्टील काटामाटी लौह खदान ने जिम्मेदार एवं भविष्य-केंद्रित खनन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया है. एफआइएमआइ द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान न केवल टाटा स्टील काटामाटी लौह खदान के समग्र प्रदर्शन की पहचान है, बल्कि खनन क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार, सुरक्षित कार्यप्रणाली और सतत विकास के प्रति उसके निरंतर प्रयासों को भी मान्यता प्रदान करता है.




