
जमशेदपुर : वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान टाटा स्टील में 4 कर्मचारियों की मौत व 186 छोटी बड़ी दूर्घटना की वजह मोबाइल फोन बना है. इसी को ध्यान में रखकर कंपनी प्रबंधन ने कंपनी परिसर में मोबाइल के उपयोग पर बैन लगा दिया है. इस संबंध में शुक्रवार को कंपनी प्रबंधन ने नया आदेश जारी कर दिया है जो कंपनी के सभी लोकेशन पर लागू होगा. साथ ही कहा गया है कि कार्यस्थल पर मोबाइल का उपयोग न हो इसकी जवाहदेगी लाइन मैनेजर की होगी. कंपनी की ओर से जारी आदेश के अनुसार क्रेन आपरेटर संचालन के दौरान केबिन के अंदर मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेंगे. आपात स्थिति में ही इसकी अनुमति मिलेगी. वहीं भारी वाहन चलाते समय या खनन क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी भी यह वर्जित होगा. जारी नोटिस में आगे कहा गया है कि कार्यस्थल पर मोबाइल या सेल फोन इस्तेमाल कई खतरों को उजागर करता है. जो कर्मचारी किसी उपकरण या मशीनरी में काम करते हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं उससे उपयोगकर्ता का दिमाग विचलित करता है. साथ ही यह व्यक्ति, उपकरण व मशीन की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर डाल सकता है. ऐसे में कंपनी प्रबंधन ने काम के दौरान कार्यस्थल पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है. नया आदेश टाटा स्टील के सभी स्थायी कर्मचारी, ठेकाकर्मी, कंसल्टेंट, ट्रांसपोर्टर, सप्लायर, कस्टमर, ड्राइवर और कंपनी आने वाले आगंतुकों के लिए प्रभावी होगा. टाटा स्टील इंडियन आपरेशन में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने यह पहल की है. पिछले चार अप्रैल को हुई एमडी आनलाइन में भी एमडी ने कार्यस्थल पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल को नई नीति बनाने की घोषणा की थी.
इन क्षेत्रों में उपयोग पूरी तरह से रहेगा वर्जित
विस्फोटक व ईधन भंडारण क्षेत्र, विस्फोटक संभावित क्षेत्र में मोबाइल फोन साथ रखना भी वर्जित होगा. विस्फोटकों की हैंडलिंग, चार्जिंग व ब्लास्टिंग के समय सेल फोन को बंद रखना, ईधन भंडारण, गैस लाइन व स्टेशनों पर या ज्वलनशील क्षेत्रों में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर पूरी तरह से रोक रहेगी. इसके अलावा ऊंचाई पर काम के दौरान, इलेक्ट्रिकल व गैस पाइपलाइन मेंटेनेंस के दौरान, क्रेन या ओवरहेड क्रेन संचालित करने के दौरान व पार्किंग क्षेत्र में भी मोबाइल फोन वर्जित होगा. वहीं, सीढ़ियां उतरते हुए, दरवाजे के पास, वाहन चलाते समय, सड़क पार करते समय भी वर्जित होगा.




