जमशेदपुर : भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित 36वीं सीआईआई वर्कस्किल्स प्रतियोगिता 2026 का सफल समापन नई दिल्ली में हुआ. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के 40 से अधिक संगठनों के 200 से अधिक प्रतिभागियों ने 30 से अधिक तकनीकी ट्रेड्स में भाग लिया. यह प्रतियोगिता भारत के चारों क्षेत्रों पूर्व, पश्चिम, उत्तर एवं दक्षिण में आयोजित क्षेत्रीय चरणों के बाद राष्ट्रीय फाइनल के रूप में संपन्न हुई. इसका उद्देश्य भारतीय औद्योगिक कौशल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परखना एवं तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है. प्रतिभागियों को दो आयु वर्गों 22 वर्ष से कम एवं 22 वर्ष से अधिक में विभाजित किया गया था. सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने ट्रेड्स में उच्च स्तर की दक्षता, तकनीकी ज्ञान एवं कार्यकुशलता का प्रदर्शन किया. इस अवसर पर औद्योगिक इकाइयों के प्रदर्शन के आधार पर “सेकंड बेस्ट एस्टैब्लिशमेंट” का सम्मान टाटा स्टील को प्रदान किया गया. टाटा स्टील के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं. प्रतियोगिता के व्यक्तिगत परिणामों में टाटा स्टील के कर्मचारियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा, जिसमें प्रथम स्थान में 11, द्वितीय स्थान में 1 और तृतीय स्थान में 1 कर्मचारी का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा.







