जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े टाटा स्टील क्वार्टर अब नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े का केंद्र बनते जा रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन खाली पड़े क्वार्टरों में दिन-रात संदिग्ध युवकों की आवाजाही बनी रहती है और खुलेआम नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है. इससे आसपास रहने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गयी है. निवासियों के अनुसार, शाम ढलते ही बंद क्वार्टरों में नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगता है. उनका कहना है कि यहां केवल नशाखोरी ही नहीं, बल्कि अन्य असामाजिक गतिविधियां होने की भी आशंका है. इसके कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है और पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार पुलिस और संबंधित विभाग को सूचना दी गयी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी. उनका कहना है कि बंद पड़े क्वार्टरों की नियमित निगरानी नहीं होने से असामाजिक तत्व बेखौफ होकर वहां डेरा जमाए हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि बंद पड़े क्वार्टरों की नियमित जांच कराई जाए, वहां अवैध रूप से जुटने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि स्थानीय लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके.







