
जमशेदपुर : टाटा स्टील के निबंधित पुत्र और पुत्रियों में एक बार फिर से सक्रियता बढ़ी है. इन लोगों ने नौकरी की मांग की है. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष को एक पत्र लिखकर इन लोगों ने एनइइटी कंपनी मे सभी निबंधितो के नियोजन की मांग की है. इन लोगों ने यूनियन पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा है और कहा है कि एनइइटी कंपनी में बहाली की सारी प्रकिया आर रवि प्रासाद विगत कई महीने पहले ही पूरी कर लिए थे. इतने महीने बीत जाने के बाद भी एनइइटी कंपनी मे निबंधितो की बहाली प्रकिया शुरू नहीं करना दुर्भाग्य की बात है. उनका कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब थी. उस पर इस कोरोना महामारी ने भूखमरी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है. इन लोगों ने कहा है कि जब टाटा स्टील में काम करने वाले ठेका कर्मचारियों का नियोजन की प्रकिया केवल मेडिकल और 1-2 दिनों के सेफ्टी ट्रेनिंग के बाद सीधे प्लाण्ट ( टाटा स्टील परिसर) उनके कार्य स्थल पर भेज कर हो सकता है, तो निबंधितो का नियोजन एनइइटी कंपनी मे इसी प्रकिया के माध्यम से क्यों नहीं हो सकता है? इस कोरोना महामारी काल में हम निबंधितो का नियोजन लम्बी चौड़ी ट्रेनिंग प्रकिया के साथ संभव नहीं हो सकता है. इन लोगों ने कहा है कि निबंधितों का नियोजन जल्द से जल्द एनइइटी कंपनी में तभी संभव है जब निबंधितों का नियोजन ठीक उसी प्रकार से हो, जैसे ठेका में काम करने वाले ठेका कर्मचारियों का होता है. जब ठेका कर्मचारियों को महज 1-2 दिनों की ट्रेनिंग के बाद सीधे प्लाण्ट में जाकर काम कर सकते है तो क्या निबंधित ऐसा नहीं कर सकते ? क्या टाटा वर्कर्स यूनियन और टाटा स्टील मैनेजमेन्ट ठेका कर्मचारियों से भी कमतर समझतीं है. इस कारण यूनियन इस दिशा में पहल कर आवश्यक कार्रवाई करें.
















