जमशेदपुर: टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने कंपनी परिसर में चोरी के खिलाफ सख्त निगरानी के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. नियमित पेट्रोलिंग और सतर्क निगरानी के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने एक आरोपी को पकड़कर उसके पास से भारी मात्रा में चोरी का कॉपर केबल बरामद किया. सुरक्षा टीम ने मोहम्मद बाबू (लगभग 30 वर्ष) निवासी गरीब नवाज कॉलोनी गौरी शंकर रोड, जुगसलाई को संदेह के आधार पर रोका. तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 35 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद हुआ. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि यह केबल अवैध रूप से उसके कब्जे में था और कंपनी से चोरी किए जाने की आशंका है. (नीचे भी पढ़ें)
सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी तीन बार चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और आदतन अपराधी माना जाता है. कंपनी प्रबंधन ने दोहराया कि चोरी के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.







