
जमशेदपुर : कोरोना वायरस के खिलाफ पूरे देश में चल रहे जंग में टाटा स्टील ने खुलकर सरकार और प्रशासन का साथ दिया है. इसके तहत जिला प्रशासन के साथ मिलकर टाटा स्टील लगातार काम कर रही है. इसके लिए कई सुखद सूचनाएं आयी है. बुधवार को टाटा स्टील की ओर से टेलीकांफ्रेंसिंग के जरिये आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि वे लोग जमशेदपुर के प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे है. संवाददाता सम्मेलन में टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज के जीएम डॉ राजन चौधरी, सीएसआर के चीफ सौरभ राय, टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी (जुस्को) के एमडी तरुण डागा, टाटा स्टील के कारपोरेट कम्यूनिकेशन के चीफ कुलविन सुरी, हेड रुना राजीव कुमार मौजूद थे. इन लोगों ने बताया कि टाटा स्टील का लक्ष्य था कि 50 हजार लोगों को एक टाइम का खाना खिलाया जाये, लेकिन वे लोग 52 हजार लोगों को खाना खिलाने में कामयाबी पायी है. इसके अलावा उपायुक्त के साथ मिलकर सिविल सोसाइटी कोऑर्डिनेशन सेल बनायी गयी है, जिसमें दो अधिकारी प्रशासन की ओर से जबकि दो टाटा स्टील के अधिकारी और टाटा स्टील फाउंडेशन के तीन अधिकारी शामिल है. यह कमेटी सिविल सोसाइटी के साथ समन्वय स्थापित कर सभी लोगों तक सुविधाओं को पहुंचाने का काम करेंगे. सीएसआर के चीफ सौरभ राय ने बताया कि जरूरतमंदों तक राशन भी पहुंचाया जा रहा है, जिसके तहत कोल्हान में करीब 600 लोगों तक राशन का पैकेट पहुंचाया जा रहा है. इसके अलावा नोवामुंडी, वेस्ट बोकारो और झरिया में करीब 3 हजार लोगों तक राशन पहुंचाया जा रहा है. सीएसआर के चीफ ने बताया कि करीब 90 घर, नोवामुंडी, ओड़िशा कलिंगानर, जमशेदपुर और वेस्ट बोकारो के है, जहां स्वरोजगार के तहत मास्क बनवाया जा रहा है और उसका वितरण किया जा रहा है. सब्जियों के वितरण के बारे में बताया कि जोमैटो के जरिये सब्जियों का वितरण तो किया जा रहा है. इसका बेहतर रिस्पांस भी आया है. करीब सौ लोगों ने 60 किसानों से खरीदे गये सब्जियों का आर्डर किया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये की है. इसकी संख्या और बढ़ सकती है.
टीएमएच में जांच की व्यवस्था के लिए प्रयासरत है प्रबंधन
टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में कोरोना वायरस की जांच शुरू करने के लिए एनएबीएल और आइसीएमआर के पास आवेदन दिया गया था. यह अब तक विचाराधीन है, जिसकी मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है. टाटा स्टील के मेडिकल सर्विसेज के जीएम डॉ राजन चौधरी ने बताया कि उम्मीद की जा रही है कि एनएबीएल की मंजूरी मिल जायेगी. उन्होंने बताया कि टीएमएच से अब तक कुल 90 सैंपल जांच में भेजे गये है, जिसमें कोरोना वायरस के सारे केस नेगेटिव ही आये है. इसके अलावा जांच के लिए एमजीएम अस्पताल सैंपल भेजे जा रहे है. उन्होंने बताया कि आइसीयू में भी कई लोगों का इलाज चल रहा है और कोरोना वायरस के लिए अलग से बेड तैयार रखा गया है.
जुस्को जमशेदपुर के सैनिटाइजेशन के लिए काम जारी रखेगी
टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी (जुस्को) के एमडी तरुण डागा ने भी जुस्को द्वारा उठाये गये कदमों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि करीब 150 जगहों पर सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है. इसके अलावा कई जगहों पर सैनिटाइजेशन किया जा रहा है. फायर ब्रिगेड की मदद से सैनिटाइजेशन किया जा रहा है. जिला प्रशासन के सहयोग से भीड़भाड़ वाले इलाके में सैनिटाइजेशन किया जा रहा है और सबके सहयोग से बाजारों को खास तौर पर सफाई किया जा रहा है.






