जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूटिलिटी एंड सर्विसेस लिमिटेड (पहले जुस्को) की अधीकृत यूनियन की आमसभा सोमवार को जुस्को ग्रीन लॉन में आयोजित हुई. इस दौरान यूनियन के वर्तमान अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय को सर्वसम्मति से यूनियन के सदस्य के रूप को-ऑप्ट कर लिया गया. चुनाव पदाधिकारी सीएस झा ने को-ऑप्शन का प्रस्ताव रखा, जिसे यूनियन के सदस्यों ने हाथ उठाकर पारित किया. इस प्रक्रिया के तहत अब रघुनाथ पांडेय अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकेंगे. इसके साथ ही चुनावी कार्यक्रम की भी घोषणा कर दी गयी. इसके तहत चुनाव टाटा स्टील यूआइएसएल कंपनी परिसर (जुस्को ग्रीन) में आयोजित होगा. पहली बार संविधान संशोधन के बाद यह चुनाव हो रहा है. इसके तहत 17 कमेटी मेंबर और 10 ऑफिस बियरर्स चुने जाएंगे. पहले यह संख्या 23 कमेटी मेंबर और 12 ऑफिस बियरर थी, जिसे घटाया गया है. नये कार्यक्रम के तहत 27 मई को ड्राफ्ट चुनाव क्षेत्र का प्रकाशन होगा. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, 28 मई को सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक दावा-आपत्ति और फिर उसी दिन शाम 6 बजे अंतिम सूची जारी की जायेगी. 29 मई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा. 30 मई को मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति लोग सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक जमा कर सकते है और इसके निबटारे के बाद अंतिम सूची शाम 6 बजे उसी दिन जारी कर दी जायेगी. 31 मई को नामांकन पत्रों का वितरण सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जायेगा. 2 जून को नामांकन पत्रों को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक) जमा किया जायेगा और उसी दिन शाम 7 बजे प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन होगा. 3 जून को नामांकन पत्रों की जांच सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी और उसी दिन शाम 7 बजे वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जायेगी. 4 जून को नाम वापसी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ली जायेगी और शाम 7 बजे अंतिम सूची जारी की जायेगी. 6 जून को प्रत्याशियों को मतपत्र नमूने का वितरण किया जायेगा. सुबह 11:30 बजे से शाम 4 बजे तक यह प्रक्रिया संचालित होगी. उसके बाद 10 जून को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जिसके बाद मतगणना और फिर परिणाम जारी की जायेगी. 11 जून को नयी कमेटी को कार्यभार हस्तांतरण होगा.















