
जमशेदपुर : टाटा स्टील नये आइटीआइ को अधिग्रहित कर उसको अपग्रेड करना चाहती है. यह जानकारी टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी ने दी. श्री चौधरी शुक्रवार को जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित टाटा टेक्निकल इंस्टीच्यूट में टाटा स्टील फाउंडेशन और सीआइआइ के संयु्क्त तत्वावधान में खोले गये एमसीसी सेंटर के उदघाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस मौके पर वीपी चाणक्य चौधरी ने बताया कि वे लोग रोजगार के साधन युवाओं को उपलब्ध कराने के साथ ही चाहते है कि दक्ष मैनपावर को तैयार करें ताकि उनका भविष्य बेहतर हो सके. उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि अभी पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में और तमाड़ के पास आइटीआइ का संचालन टाटा स्टील करा रही है. (नीचे देखे पूरी खबर)

वहां लगभग लोगों का प्लेसमेंट हो जाता है. उसका सफल संचालन हो रहा है. अब हम लोग चाहते है कि राज्य सरकार हमको दो और आइटीआइ दे ताकि उसका संचालन कर सके और युवाओं को रोजगार के अनुरुप तैयार कर सके. इस मौके पर उन्होंने बताया कि टाटा स्टील चाहती है कि रोजगार सृजन किया जा सके. युवाओं में अगर रोजगार मिलने लगेगा स्वत: सारी परेशानियां दूर हो जायेगी. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि खुद टाटा स्टील हो या फिर अन्य सारी कंपनियां, सारे लोग मिलकर नौकरियों को दिलाने के लिए तत्पर है. उन्होंने बताया कि आइटीआइ में अब कई नयी चीजें आ चुकी है, इस कारण हम लोग चाहते है कि आइटीआइ के संचालन में बेहतर भूमिका निभा सके और अपनी उपस्थिति राज्य के सारे हिस्सों में दिखाते हुए झारखंड को संबल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभा सके. इस मौके पर टाटा स्टील फाउंडेशन के चीफ सौरभ राय ने कहा कि रोजगार सृजन करने की दिशा में लॉकडाउन से अच्छा काम हुआ है और अब तकनीक के जरिये सबको जोड़ने में कामयाबी भी मिल रही है.





