जमशेदपुर : टाटानगर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रुप से अभियान चलाकर मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक अपराधी को पकड़ने में कामायाबी पायी. पकड़ा गया व्यक्ति पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला 27 वर्षीय खैरूप शेख है. रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को यह बड़ी सफलता मिली. जीआरपी और आरपीएफ की टीम संयुक्त प्रयास के दौरान 7 अगस्त की रात में गश्ती व चेकिंग कर रही थी. गश्ती के दौरान सूचना मिली की साउथ बिहार एक्सप्रेस के सेकंड एसी से एक मोबाइल चोरी हुआ है जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपए है.(नीचे भी पढ़े)
तत्काल आरपीएफ टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया और संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई. कुछ समय पश्चात खोजबीन करते हुए उस व्यक्ति को प्लेटफार्म संख्या 04 व 05 से पकड़ा गया एवं उसके पास से उसके द्वारा चोरी किया हुआ सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया. पकड़े गए व्यक्ति को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया. यह सारी कार्रवाई पोस्ट कमांडर रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी के देखरेख में आरपीएफ के एएसआइ बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई.




